चंडीगढ़। नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने शनिवार को डड्डूमाजरा के डंपिंग ग्राउंड का दौरा कर पौधरोपण और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने हाल ही में लगाए गए पौधों की स्थिति देखी और अधिकारियों को नियमित निगरानी तथा रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने करीब 21 हजार फीट लंबे सिंडर ट्रैक के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। इंजीनियरिंग विंग को निर्देश दिए गए कि तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ ट्रैक का निर्माण पूरा किया जाए।
आयुक्त ने पौधों की सिंचाई के लिए लगाए गए टर्शरी ट्रीटेड (टीटी) वाटर सिस्टम की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पानी का पर्याप्त दबाव और नियमित आपूर्ति बनी रहे ताकि सभी पौधों को पर्याप्त सिंचाई मिल सके और उनकी बेहतर वृद्धि हो।
इसके अलावा उन्होंने डंपिंग ग्राउंड के लीचेट (कचरे से निकलने वाले दूषित पानी) प्रबंधन सिस्टम का निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लीचेट का संग्रहण, उपचार और निस्तारण पर्यावरणीय मानकों के अनुसार हो तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि किसी प्रकार का प्रदूषण न फैले। निरीक्षण के दौरान विशेष आयुक्त हरप्रीत सिंह सूदन, मुख्य अभियंता संजय अरोड़ा और नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।