चंडीगढ़। इस बार होली की आड़ में हुड़दंग मचाने वालों की खैर नहीं होगी। इन्हें रोकने के लिए यूटी पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर विभाग ने शहरभर में 941 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है।
आला अधिकारियों के नेतृत्व में शहर के सभी 16 थानों के थाना प्रभारी, 15 इंस्पेक्टरों समेत अन्य पुलिसकर्मी सुबह 9 बजे से ही रैश ड्राइविंग, शराब पीकर वाहन चलाना समेत हुड़दंगबाजों पर नजर रखेंगे। इसके अलावा शहर की सभी मुख्य जगहों, गर्ल्स हॉस्टल के पास विशेष तौर पर पीसीआर और चीता स्क्वायड टीम पेट्रोलिंग करेगी। सोमवार को एसएसपी नीलांबरी विजय जगदले की थाना प्रभारियों के साथ मीटिंग हुई। इसमें आदेश दिया गया कि अपने-अपने एरिया में संवेदनशील जगहों पर कम से कम दो नाके लगाएं। साथ ही चौकियों के प्रभारियों को नाके लगाने के आदेश दिए गए हैं। थानों व चौकी एरिया में लगाए जाने वाले इन आंतरिक नाकों के जरिए हुड़दंग मचाने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखी जाएगी और नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शहरभर में लगेंगे 64 नाके
शहर में आंतरिक नाकों के साथ सभी मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक व थाना पुलिस के ज्वाइंट नाके लगाए जाएंगे ताकि सड़कों पर ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही सड़कों पर हुड़दंग मचाने वाले मनचलों पर थाना पुलिस का डंडा भी चलेगा। शहर में 64 नाके लगाए जाएंगे।
गेड़ी रूट पर पुलिस का विशेष फोकस
सेक्टर-11/12 मार्केट से गेड़ी रूट तक पुलिस ने विशेष रूप से प्लान बनाया हुआ है। इस दौरान वहां से गुजरने वाले वाहनों की विशेष तौर पर चेकिंग की जाएगी। साथ ही पुलिस खुले में शराब पीना, ट्रिपलिंग, बिना हेलमेट के व्हीकल दौड़ाने वालों के खिलाफ सख्ती बरतेगी। आला अधिकारियों का कहना है कि अगर कोई हुड़दंग करते पाया गया तो पुलिस उस पर कार्रवाई करेगी।