इंडियन आईडल सीजन-11 जीतने वाले सनी हिंदुस्तानी का गुरु होने का दावा करने वाले पंजाबी गायक लवजीत ने कहा कि किसी के सपने में आने से गायकी नहीं सीखी जाती, बल्कि गुरु ही गायकी के गुर सिखाता है।
सनी द्वारा बिना गुरु गायकी सीखने की बात को झूठा बताते हुए लवजीत ने दावा किया कि सनी ने सात साल तक लगातार उनसे गायकी के गुर सीखे हैं। बता दें कि सनी हिंदुस्तानी कहा था कि गायकी के गुर उसने खुद सीखें हैं और आज तक किसी को गुुरु नहीं बनाया है। यही नहीं सनी ने एक बार बठिंडा में कहा था कि नुसरत फतेह अली खान उनके सपने में आते हैं और उनके गाए गीतों में वह खो जाता है।
राजस्थान के एक बाबा के जरिये सनी संपर्क में आया
लवजीत ने बताया कि सनी उनके संपर्क में राजस्थान के एक डेरे में रहने वाले बाबा के जरिये आया था। बाबा के कहने पर ही उसने सनी को गायकी के गुर सिखाने शुरू किए। लवजीत ने बताया कि वह सनी को लेकर उसे अपने साथ सैकड़ों स्टेज पर गए और उसे स्टेज पर गाने का मौका दिया।
नाम न लेने का मलाल रहेगा दिल में
लवजीत ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अगर काम करता है तो वो अपने नाम के लिए करता है। अगर वह युवकों को गायकी सिखाते हैं तो युवाओं को तरक्की की राह पर ले जाने के लिए सिखाते हैं। पहले उन्होंने माशा अलि और अलि ब्रदर को गायकी सिखाई थी। जो मौजूदा समय में काफी कामयाब हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनके दिल में हमेशा मलाल रहेेेगा कि सनी ने आखिर उनके नाम का जिक्र तक नहीं किया।
बच्चा तो हमारा ही रहेगा चाहे बुलाए या न बुलाए
लवजीत ने कहा कि सनी चाहे आज इंडियन आईडल सीजन 11 का विजेता बनकर अर्श पर पहुंच गया है। लेकिन वह बच्चा तो हमारा ही रहेगा, चाहे उन्हें बुलाए चाहे न बुलाए। लवजीत ने बताया कि जब सनी इंडियन आईडल के मंच पर पहुंचा तो शुरुआत में उसने उनको फोन कर बताया था कि गुरु जी आप की दुआ एवं गुर से मैं इतनी बड़ी स्टेज पर पहुंच गया हूं।
उन्होंने बताया कि सनी जब बठिंडा आया तब उनको नहीं बुलाया गया और न ही कोई फोन किया। उन्होंने कहा कि जब सनी के लिए पूरे देश में वोटिंग की जा रही थी तो उन्होंने सभी बातों को भुलाकर सनी के पक्ष में वोटिंग करवाई थी।
सनी को मैंने कभी नहीं देेखा बूट पॉलिश करते
लवजीत ने कहा कि सनी उनके घर पर गायकी सीखने के लिए सात साल तक लगातार आता रहा। लेकिन इस दौरान उन्होंने कभी भी सनी को बूट पॉलिश करते हुए या फिर बूट पॉलिश वाले बैग के साथ नहीं देखा।