चंडीगढ़। सेक्टर-26 स्थित पंजाब नेशनल बैंक की ब्रांच के क्लर्क को खुद को कंपनी का डायरेक्टर बताकर 9 लाख 90 हजार रुपये की आरटीजीएस करवाने वाले मुंबई निवासी आरोपी तबारिक हुसेन शेख को साइबर सेल की टीम ने गिरफ्तार किया है। मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया तो जज ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
3 सितंबर 2019 को पुलिस को दी शिकायत में पंजाब नेशनल बैंक के ब्रांच मैनेजर जगमोहन सिंह ने बताया था कि उनके बैंक में तैनात क्लर्क अनुराग को व्हाट्सएप नंबर से एक मैसेज मिला। भेजने वाले ने खुद का परिचय करिजमा गोल्ड व्हील प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर करन हुन बताया। उसने यह भी कहा कि उनके बैंक में उसकी 600 लाख की सीसी (कैश क्रेडिट) लिमिट प्राप्त की है। इसके बाद उसने क्लर्क से 5 साल के लिए 10 करोड़ रुपये लेने का ब्याज पूछा। इस दौरान शातिर ने एक चेकनंबर देते हुए दिए गए बैंक खाता में 9.90 लाख रुपये आरटीजीएस करने के लिए कहा। बाद में अनुराग ने उसके अकाउंट में 9.90 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद अनुराग को पता चला कि यह कॉल करिजमा गोल्ड व्हील लिमिटेड के डायरेक्टर का नहीं था, बल्कि उनके साथ किसी ने धोखाधड़ी की है। धोखाधड़ी का पता लगने पर बैंक ने दूसरेे खाते में ट्रांसफर किए गए 5.10 लाख रुपयों को रोक लिया जबकि 4.80 लाख रुपये खाते से शातिर ने मुंबई में निकलवा लिए।