चंडीगढ़ नगर निगम के एमओएच विंग ने शहर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ जुर्माना लगाने कर काम शुरू कर दिया। पहले ही दिन शहर के विभिन्न सेक्टरों में कार्रवाई करते हुए 80 चालान किए गए, जिनमें 500 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक के चालान शामिल थे। इन 80 चालान से नगर निगम ने करीब पांच लाख रुपये से भी अधिक की धनराशि वसूल की। जानकारी के मुताबिक, इनमें अधिकतर कामर्शियल संस्थानों के चालान हुए हैं। आवासीय इलाके में बहुत ही कम चालान किए गए।
जानकारी के मुताबिक, 10-10 हजार रुपये के 40 चालान किए गए हैं। जिन कामर्शियल संस्थानों का चालान किया गया उनमें शहर के कई नामी रेस्टोरेंट भी शामिल हैं। सेक्टर 20, 2, 22, 23, 44, 43, 42, 35 के मार्केट के अलावा अन्य सेक्टरों में चालान की कार्रवाई की गई। इनमें सेक्टर 22, 30 और 35 के कई नामी रेस्टोरेंट भी शामिल हैं। गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई के लिए 9 चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर (सीएसआई), एक हेल्थ सुपरवाइजर और 4 सुपरिंटेंडेंट की टीम बनाई गई है। उन्हें प्रशिक्षण देकर ड्यूटी पर लगा दिया गया है।
इन टीमों ने ही सोमवार से चालान काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। नगर निगम के स्पेशल कमिश्नर संजय झा ने बताया कि पूरे शहर में गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि चालान के सात दिनों के अंदर लोगों को भुगतान करना होगा। यदि सात दिनों के अंदर चालान राशि जमा नहीं कराई तो पानी के बिल में जोड़कर भेजा जाएगा। उनका कहना है कि जुर्माने की राशि मौके पर नकद भी जमा की जा सकेगी। इसके अलावा सेक्टर-17 स्थित एमओएच कार्यालय में भी राशि जमा करा सकते हैं, लेकिन यह सुविधा सात दिनों के अंदर ही मिल सकेगी।
निगम में शामिल हुए गांवों में दिए 30 नोटिस
एमओएच डॉ. एपी सिंह का कहना है कि नगर निगम में नए शामिल हुए गांवों में 30 नोटिस दिए गए हैं। गांव वासियों को नोटिस देकर चेतावनी दी गई है कि वह गंदगी न फैलाएं। यदि गंदगी फैलाने से नहीं रुके तो उनका भी चालान किया जाएगा।
गंदगी फैलाने वालों पर अब कार्रवाई होगी। शहर के लोगों से अपील है कि जो भी गंदगी फैलाता है, उसकी फोटो खींचकर स्वच्छता एप पर डालें। फोटो डालने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। ऐसा करने से जो गंदगी फैलाएंगे, उनका चालान किया जा सकेगा और शहर में स्वच्छता अभियान को बढ़ावा मिलेगा।
- केके यादव, आईएएस, कमिश्नर नगर निगम