बापूधाम में कोरोना के मरीजों की बढ़ती संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही। शुक्रवार को जीएमएसएच 16 में अब तक के एक दिन में भर्ती होने वाले सबसे ज्यादा संदिग्ध हैं। एक दिन में हॉस्पिटल में 75 संदिग्धों को भर्ती किया गया है। इनमें ज्यादातर बापूधाम के रहने वाले हैं। इन सभी की जांच शनिवार से शुरू होगी। इन मरीजों को अस्पताल की 6 मंजिला बिल्डिंग में बनाए गए कोरोना आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। बता दें कि अचानक से मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण अस्पताल की व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। ऐसे में व्यवस्था संभालने के लिए शुक्रवार को पूरे दिन प्रशासनिक अधिकारियों की मीटिंग चलती रही।
150 में से 95 बेड भरे
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जीएमएसएच 16 में 6 मंजिला बिल्डिंग के 5 तल कोरोना के लिए रिजर्व कर दिए गए हैं। छठवें तल पर फीमेल मेडिकल वार्ड चल रहा है। उस बिल्डिंग में कोरोना से बचाव के सभी मानकों का पालन करने का सख्ती से निर्देश दिया गया है। इस बिल्डिंग में कुल 150 बेड हैं, जिसमें से लगभग 95 बेड भर चुके हैं। अब अस्पताल प्रशासन के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को भी इस बात की चिंता सताने लगी है कि अगर इसी रफ्तार से संख्या बढ़ती रही तो सभी बेड फुल होते चंद दिन लगेंगे।
ओटी सैनिटाइज, स्टाफ की लिस्ट बनी
अस्पताल में एक दिन पहले प्रसूता में हुई कोरोना की पुष्टि के बाद वीरवार को ओटी सीज की गई थी। शुक्रवार को उस ओटी को सैनिटाइज किया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार ओटी अब पूरी तरह संक्रमण मुक्त हो चुका है। वहीं, प्रसूता के संपर्क में आए सभी डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की लिस्टिंग की जा रही है। शनिवार को उन्हें लेटर इश्यू कर दिया जाएगा। 5वें दिन उनका कोरोना टेस्ट होगा। अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ वीके नागपाल ने बताया कि 5 दिन से पहले टेस्ट कराने पर रिपोर्ट सही आने में आशंका रहती है। गाइडलाइन के अनुसार संपर्क में आने के 5वें दिन ही टेस्ट करने पर सही रिपोर्ट आती है।