शिक्षा विभाग की ओर से गठित जांच कमेटी के पास शहर के 32 प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ 74 शिकायतें पहुंची हैं। चितकारा इंटरनेशनल स्कूल और सेक्टर-47 माउंट कॉमर्ल स्कूलों के खिलाफ सबसे अधिक सात-सात शिकायतें आई हैं। जांच कमेटी अब इन प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई के लिए शिक्षा विभाग और यूटी प्रशासन के उच्च अधिकारियों को चिट्ठी लिखेगा। लेकिन इस काम में अभी हफ्ते भर का समय लग सकता है।
जानकारी के अनुसार डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन (डीएसई) रूबिंदरजीत सिंह बराड़ द्वारा गठित कमेटी की चेयरपर्सन सरोज मित्तल अभी कोलकाता में किसी सेमिनार में हिस्सा लेने गई हैं। सरोज ने कहा कि अगले हफ्ते ही मामले पर आगे की कार्रवाई होगी। शिक्षा विभाग को शिकायतें उम्मीद से अलग मिलीं। शहर के कई प्रतिष्ठित स्कूल जिनके खिलाफ अधिक शिकायतें मिलने की उम्मीद थी, उनके खिलाफ एक से दो शिकायतें ही आई हैं। इन स्कूलों में विवेक हाई स्कूल और सेंट कबीर जैसे स्कूल शामिल हैं। विवेक के खिलाफ 1 और सेंट कबीर के खिलाफ सिर्फ 3 शिकायतें दर्ज हुई हैं।
शिकायतों में स्कूल द्वारा कैंपस में महंगे दामों पर किताबें और ड्रेस बेचने के मामले हैं। अभिभावकों ने स्कूलों पर प्राइवेट पब्लिशर्स के साथ मिलकर महंगी किताबें बेचने की बात भी शिकायतों में लिखी हैं। शिकायतों में स्कूलों द्वारा मनमाने ढंग से फीस और छुट्टी में भी बस फीस लेने के आरोप लगाए हैं।
कुछ बेनाम स्कूलों के नाम की हासिल हुई है3 शिकायतें-
शिक्षा विभाग के पास 12 शिकायतें ऐसी भी आई हैं जिनमें किसी स्कूल का नाम नहीं लिखा गया है। 5 अभिभावकों ने स्कूलों के समर्थन में भी लिखा है। जानकारी अनुसार शिक्षा विभाग के पास शुरुआत में करीब 160 शिकायतें आई थीं, लेकिन उनमें से कई अभिभावकों ने अलग-अलग अधिकारियों के पास भेजी थी। डीएसई की ओर से गठित कमेटी ने 74 शिकायतों को पूरा पाया है।
रूबिंदरजीत सिंह बराड़ ,डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन यूटी ने बताया कि जांच कमेटी की पूरी रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। कमेटी को प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ आई शिकायतों पर डिटेल रिपोर्ट तैयार कर कमेंट देने को कहा गया है।