मनीमाजरा। फेसबुक पर दोस्ती कर गिफ्ट भेजने के नाम पर 71 हजार रुपये ठगी का मामला सामने आया है। आईटी थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता विपिन कुमार ने बताया कि वह चंडीगढ़ में मल्टीलेवल नेट वर्किंग का काम करते हैं। पिछले साल फेसबुक पर उनकी दोस्ती एक युवती से हुई। उसने खुद को अमेरिकी सैनिक बताया। उसने आजकल अपनी पोस्टिंग अफगानिस्तान बता रही थी। दोस्ती के दौरान उसने जनवरी में विपिन को गिफ्ट भेजने की बात कही। बार-बार कहने के बावजूद उसने विपिन के पते पर एक बैग गिफ्ट भेज दिया।
इसके बाद विपिन को दिल्ली से प्रीति चौधरी नाम की लड़की का फोन आया। प्रीति ने बताया कि वह दिल्ली कोरियर कंपनी से बात कर रही है आपके लिए एक बैग आया है, जिसकी कस्टम ड्यूटी अदा करनी है, जिसके बाद 30 जनवरी को विपिन ने कस्टम के लिए दिल्ली के तिलक नगर की ब्रांच बैक ऑफ बड़ौदा के एक खाते में 71,160 रुपये जमा करवा दिया। इसके बाद प्रीति का विपिन को दोबारा फोन आया और उससे दो लाख रुपये की मांग की। विपिन को शक हुआ तो उन्होंने दिल्ली में अपने भाई को फोन कर उस पते पर जाकर जांच करने को कहा। जहां पर विपिन के भाई को कोई नहीं मिला। विपिन ने जब प्रीति और अफगानिस्तान वाली महिला मित्र को फोन करना चाहा तो उसे पता चला कि गिफ्ट और कस्टम ड्यूटी के नाम पर ठगी की गई है। सुभाष नगर वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान अमित शर्मा ने कहा कि लोगों को फेसबुक आदि पर इस तरह से दोस्त बनाकर उनके झांसे में नहीं आना चाहिए क्योंकि इन दिनों इस तरह से ठगी मारने के मामले ज्यादा बढ़ रहे हैं।