मृतक के परिवार को दी जाएगी आउटसोर्सिंग की नौकरी: सीएम
नारनौंद के विधायक रामकुमार गौतम ने गांव बाड़ला के रामफल पुत्र लखन लाल के निधन पर उसके परिवार के किसी आश्रित को आउटसोर्सिंग पर नौकरी और मुआवजे की जोर शोर से मांग रखी। गौतम ने दावा किया कि कोविड के टीके बाद उसकी मृत्यु हुई है। पहले सरकार ने आश्वासन दिया था कि परिवार को मुआवजा व नौकरी दी जाएगी। हालांकि, स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इसका खंडन किया और कहा कि रामफल की मौत प्राकृतिक है। बाद में मुख्यमंत्री ने कहा कि मृतक के परिवार को आउटसोर्सिंग पर नौकरी देने के लिए तैयार हैं। पहले उनके परिवार ने यह नौकरी करने से इंकार कर दिया था।
नपा हेलीमंडी का नाम बदलने का प्रस्ताव विचाराधीन
हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज ने कहा कि नगर पालिका पटौदी, नगर पालिका हेलीमंडी और छ: गांवों नामत: रामपुर, मिल्कपुर, छावन, नरहेड़ा, जनौला व मिर्जापुर को सम्मिलित करके नगर परिषद का गठन करने के लिए गत 13 दिसंबर, 2021 को उपायुक्त, गुरुग्राम से प्रस्ताव सरकार को प्राप्त हुआ है। वह विचाराधीन है और समय अनुसार उचित निर्णय ले लिया जायेगा।
मंगलवार को सदन में एक सवाल पर जवाब देते हुए विज ने कहा कि किसी भी स्थान का नाम बदलने के लिए वहां की नगर पालिका व नगर परिषद द्वारा प्रस्ताव दिया जाता है और उसके बाद सरकार नाम बदलने पर विचार करती है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की वर्तमान आबादी 67,720 बनती है, जोकि नगर परिषद का गठन करने के लिए आवश्यक जनसंख्या के मापदंड को पूर्ण करती है।