नए साल में शहरवासियों को बड़ा तोहफा मिलेगा। शहर में आपराधिक गतिविधियों को रोकने के लिए प्रमुख जगहों पर 60 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
उपायुक्त की तरफ से इसकी मंजूरी मिल गई है और अब पुलिस व नगर निगम की ओर से उन प्रमुख जगहों का सर्वे किया जाएगा, जहां ये कैमरे इंस्टॉल होने हैं।
नगर निगम का दावा है कि ये कैमरे इंस्टॉल होने से ट्रैफिक रूल तोड़ने वालों पर भी नजर रखी जा सकेगी और अपराधियों पर भी। इससे ट्रैफिक संचालन सामान्य होगा और आम लोग सड़कों पर सुरक्षित सफर कर सकेंगे।
शहर के चौराहे, गोल चक्करों और ट्रैफिक लाइट प्वाइंट्स पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की जरूरत महसूस की जा रही थी, लेकिन अब तक इसके लिए योजना नहीं बन सकी थी।
पिछले महीनों के दौरान हुए हादसों और आपराधिक वारदात के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस की ओर से प्रमुख जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर फैसला लिया गया।
उपायुक्त डा. एसएस फुलिया ने नगर निगम को पंचकूला में 60 कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं और अब सर्वे शुरू होगा। उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी 2014 तक शहर के चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल कर दिए जाएंगे।