श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शनों के इच्छुक श्रद्धालु सभी सेवा केंद्रों में आज से रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। इसकी कोई फीस नहीं लगेगी। फतेहगढ़ साहिब की डीसी अमृत कौर गिल ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के लिए सेवा केंद्रों में फार्म मुफ्त मिलेंगे और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की भी कोई फीस नहीं है। यह सुविधा ई-सेवा सॉफ्टवेयर के द्वारा दी जाएगी।
संबंधित व्यक्ति के पास पासपोर्ट होना जरूरी है। अप्लाई करने के लिए श्रद्धालुओं की तरफ से ऑपरेटर को एप्लीकेशन फार्म, स्कैनिंग के लिए पासपोर्ट और पासपोर्ट साइज फोटो देनी होगी। किसी भी तरह की अन्य जानकारी के लिए पंजाब राज्य ई-गवर्नेंस सोसाइटी के हेल्पलाइन नंबर 82838 -42323 पर संपर्क किया जा सकता है।
अमृतसर से लंदन की पहली फ्लाइट रवाना
केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश ने गुरुवार को अमृतसर से लंदन के लिए पहली फ्लाइट को अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर भाजपा पंजाब प्रधान श्वेत मलिक भी मौजूद थे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस एयरपोर्ट का आर्थिक घाटा अब फायदे में बदल चुका है।
भाजपा पंजाब प्रधान श्वेत मलिक ने सांसद बनने के बाद निरंतर एयरपोर्ट के विकास व नई उड़ानों को चलाने के लिए अनथक प्रयास किए। मलिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी व केन्द्रीय मंत्री सोम प्रकाश का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस एयरपोर्ट से पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के लोगों को बहुत फायदा होगा।