बरामद रुपये के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
मोहाली पुलिस ने अंबाला-चंडीगढ़ राजमार्ग पर मैक डी के पास नाकाबंदी के दौरान एक निजी बस से 54 लाख की नकदी बरामद की है। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जीरकपुर एसएचओ इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान उत्तर प्रदेश नंबर (यूपी-70जीटी-7000) की निजी बस को रोककर तलाशी ली तो लगेज बॉक्स से दो बोरियों में रखे 54 लाख 90 हजार 530 रुपये बरामद हुए। ये जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस में डीएसपी सिमरनजीत सिंह लंग ने दी।
उन्होंने बताया कि बस चालक की पहचान स्वर्ण सिंह (46) पुत्र शमशेर सिंह निवासी गांव व थाना बड़ी ब्राह्मण जिला जम्मू के तौर पर हुई है। यह बस दिल्ली से कटरा जा रही थी जिसमें 35 सवारियां बैठी थीं। दिल्ली में बस चालक को किसी ने यह कैश पंजाब के होशियारपुर निवासी किसी नरेश गांधी नामक व्यक्ति को सौंपने के लिए कहा था।
उन्होंने बताया उक्त व्यक्ति मौके पर नकदी संबंधित कोई रसीद या अन्य दस्तावेज पेश नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया। उन्होंने बताया कि ड्राइवर स्वर्ण सिंह को हिरासत में लेकर मामले की जानकारी एसडीएम डेराबस्सी व आयकर विभाग को दे दी है।