मनीमाजरा। स्वास्थ्य विभाग चंडीगढ़ ने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत सोमवार को मनीमाजरा में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया।
नगर निगम की मेयर सरबजीत कौर के वार्ड नंबर 6 स्थित गोबिंदपुरा के सामुदायिक केंद्र में स्वास्थ्य निदेशक डॉ. सुमन सिंह के निर्देशन में लगे स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने किया। उनके साथ सलाहकार धर्मपाल, स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसमें मनीमाजरा सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. कंवलजीत सिंह संधा पूरी टीम के साथ मौजूद रहे।
स्वास्थ्य मेले में 500 से अधिक लोगों ने सेवा का लाभ उठाया। स्वास्थ्य मेले में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, सामान्य चिकित्सा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जैसे गैर संचारी रोगों की जांच की गई। डॉक्टरों ने ईएनटी, आंख, त्वचा, क्षय रोग, पोषण, कुष्ठ रोग के लिए भी परामर्श दिया। इसमें आयोडीन की कमी, आयुष, मुख स्वास्थ्य, मलेरिया, प्रतिरक्षण, मानसिक बीमारी, एचआईवी/एड्स के लिए परामर्श के साथ-साथ निशुल्क दवाओं और प्रयोगशाला परीक्षण के लिए आईईसी स्टॉल लगाए गए थे। प्रशासक ने सभी स्टाल पर जाकर वहां दी जा रही सेवाओं को देखा और जानकारी भी ली।
मेले में आम जनता को ई-संजीवनी ओपीडी के माध्यम से टेलीकंसल्टेशन की सेवाएं, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की हेल्थ आईडी जनरेशन, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के ई-कार्ड भी दिए गए।
स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जागरूकता फैलाने के लिए समाज कल्याण, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, पोषण अभियान, सूचना और प्रसारण मंत्रालय, गीत व नाटक विभाग, खेल विभाग, सांस्कृतिक मामलों के विभाग आदि ने मेले में भाग लिया।
नुक्कड़ नाटक का भी प्रशासक ने उठाया लुत्फ
कलाकारों की ओर से मेले में नशे पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। प्रशासक ने यहां कुछ देर बैठकर लुत्फ उठाया। उन्होंने सलाहकार धर्मपाल और मेयर सरबजीत कौर के साथ नुक्कड़ नाटक पेश करने वाले कलाकारों की तारीफ भी की।
लोगों का धूप में करना पड़ा इंतजार
सुबह 11 बजे तेज धूप में जब प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन करने पहुंचे तो आम लोगों को सामुदायिक केंद्र के गेट के बाहर रोक दिया गया। इस दौरान बुजुर्गों समेत अन्य को आधे घंटे धूप में खड़े रहकर अंदर जाने के लिए इंतजार करना पड़ा। इन लोगों को प्रशासक के जाने के बाद ही सामुदायिक केंद्र में जाने दिया गया।
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की हेल्थ आईडी लेने पहुंचे लोग
मेले में सबसे ज्यादा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की हेल्थ आईडी को बनवाने के लिए पहुंचे थे। गेट पर लगे इस सेवा के स्टॉल में लोगों की लंबी लाइन दिखी। हालांकि, लोगों को यहां अपने आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए पूरी मदद नहीं मिल पाई क्योंकि जिन लोगों का रिकॉर्ड उनके पास था, उनके कार्ड ही बन पाए। बाकी लोगों को पता ही नहीं था कि वे अपना रजिस्ट्रेशन कहां करवाएं ताकि उनका कार्ड बन सके।
20 और 22 अप्रैल को भी लगेगा मेला
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 20 अप्रैल को सेक्टर 45 के सिविल अस्पताल और 22 अप्रैल को सेक्टर 22 के अस्पताल में अगला मेला आयोजित किया जाएगा।