चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी को शोध प्रोजेक्ट के लिए अगले माह 50 करोड़ रुपये मिल सकते हैं। केंद्र सरकार ने हाल ही में कहा है कि इस समय रिसर्च के जितने कार्य हो रहे हैं उनको बजट दिया जाएगा। साथ ही जो प्रोजेक्ट रिसर्च के लिए मंजूर हुए हैं उन्हें भी रकम दी जाएगी। इसी से पीयू ने भी आस लगा रही है। पैसे मिलने के बाद पीयू में 60 से अधिक रिसर्च प्रोजेक्ट शुरू हो जाएंगे। इन प्रोजेक्ट के जरिए पीयू की रैंकिंग पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
पीयू ने पिछले साल रूसा के तहत शिक्षकों से शोध प्रस्ताव तैयार करवाए। 110 से अधिक प्रस्ताव बनकर पीयू के पास पहुंचे। यह प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे गए। वहां से इन प्रस्तावों को बेहतर बताया गया और 50 करोड़ रुपये देने के लिए हामी भर दी गई। पैसे पीयू के खजाने में आने ही वाले थे कि कोरोना ने झटका दे दिया। यह फंड रुक गया। सूत्रों का कहना है कि अब केंद्र सरकार फिर से कोरोना से पहले मंजूरी मिल चुके प्रोजेक्टों को पैसे देने जा रही है। माना जा रहा है कि नवंबर में यह रकम आ सकती है। वहीं दूसरी ओर प्रोजेक्ट देने वाले शिक्षक भी रकम का इंतजार कर रहे हैं। वह जिम्मेदार अधिकारियों से रकम के बारे में पूछ रहे हैं। हालांकि अभी तक लिखित रूप में पीयू के पास रकम आने का पत्र नहीं आया है।