हरियाणा में जल्द होगी सोलर पॉलिसी की घोषणा पीएम सूर्यघर योजना में साढ़े तीन लाख ने कराया पंजीकरण
चंडीगढ़। सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार जल्द ही सोलर पॉलिसी की घोषणा करेगी। सोलर पॉलिसी का ड्राफ्ट तैयार है और जल्द ही इसे अधिसूचित किया जाएगा। इससे राज्य में सोलर इंडस्ट्री को बहुत जरूरी प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं, हरियाणा सरकार ने 2030 तक पांच लाख घरों में सोलर रूफ टॉप लगाने का लक्ष्य रखा है।
यह जानकारी ऊर्जा विभाग हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव आईएएस एके सिंह ने दी। वह शुक्रवार को पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से चंडीगढ़ स्थित पीएचडी हाउस में प्रदेश में सोलर पॉवर को बढ़ावा देने के लिए बिजली विभाग के साथ आयोजित कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। एसीएस सिंह ने कहा कि अब तक हरियाणा के 3.5 लाख घरों ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने 2030 तक सोलर एनर्जी से 500 गीगावाट का लक्ष्य रखा है और यह प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के जरिए संभव है।
हरेड़ा के महानिदेशक आईएफएस एस नारायणन ने कहा कि राज्य सरकार सोलर वाटर पंप को बढ़ावा देने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है और किसानों को 75 प्रतिशत तक सब्सिडी दे रही है। सोलर वाटर पंप के उपयोग के मामले में हरियाणा देश में नंबर वन है। इससे पहले पीएचडीसीसीआई (पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री) के पंजाब राज्य चैप्टर के पर्यटन और आतिथ्य समिति के सह संयोजक निश्चय बहल ने कहा कि आज के समय में ऊर्जा सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन सर्वोपरि चिंता का विषय हैं और अक्षय ऊर्जा, विशेष रूप से सौर ऊर्जा पर सरकार का सक्रिय रुख समायोजित और दूरदर्शी दोनों है। पीएचडीसीसीआई की क्षेत्रीय सौर और बिजली समिति के संयोजक पर्व अरोड़ा ने सौर उद्योग की चिंताओं को उठाते हुए राज्य में नेट मीटरिंग और सोलर रूफ टॉप की स्थापना के लिए सब्सिडी के वितरण से संबंधित मुद्दों का उल्लेख किया। सत्र का संचालन करते हुए पीएचडीसीसीआई की क्षेत्रीय निदेशक भारती सूद ने कहा कि पीएचडी चैंबर उद्योग जगत की आवाज है और यह उद्योग और सरकारों के बीच सेतु का काम करता है।