पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने पांच जिला मैनेजरों की सोमवार को छुट्टी कर दी। बोर्ड ने उन्हें निकालने के साथ यह भर्ती प्रक्रिया भी रद्द कर दी।
बोर्ड ऑफ डॉयरेक्टर्स की बोर्ड में हुई अहम मीटिंग में यह फैसला किया गया। इन मैनेजरों में बोर्ड के पूर्व चेयरमैन डॉ. दलबीर सिंह ढिल्लों की पुत्रवधू भी शामिल हैं। ये सभी नियुक्तियां ढिल्लों के कार्यकाल में ही हुई थीं।
बैठक में बोर्ड की चेयरपर्सन डॉ. तेजिंदर कौर धालीवाल समेत बोर्ड के कई सीनियर मेंबर हाजिर थे। मीटिंग में सबसे पहले बोर्ड के पांच जिला मैनेजरों के मुद्दे पर चर्चा की गई। इसमें साफ किया गया कि अगर भर्ती नियमों को ताक पर रखकर की गई है, तो ऐसे मुलाजिमों को नौकरी से निकालना ही बेहतर रहेगा।
इसके बाद मोहाली की मैनेजर के अलावा, मुक्तसर, अबोहर, फतेहगढ़ साहिब व नवांशहर के मैनेजरों को नौकरी से निकाल दिया गया, जबकि छठे मैनेजर ने नौकरी ज्वाइन नहीं की थी। इसके बाद छठे मैनेजर के रूप में सुचेता शर्मा को जालंधर का मैनेजर लगाया गया था।
परंतु इस फैसले से पहले ही उन्हें सुपरिंटेंडेंट के रूप में मोहाली में तैनात कर दिया गया था। जिक्रयोग है कि 16 जून के अंक में अमर उजाला ने ‘छह जिला मैनेजरों की नौकरी पर लटकी छंटनी की तलवार’ शीर्षक से खबर भी प्रकाशित की थी।