नाबर जैसी नेशनल अवार्ड विजेता फिल्म बना चुके राजीव शर्मा मंगलवार को अपनी आने वाली फिल्म 47 टू 84 के प्रमोशन के लिए प्रेस क्लब पहुंचे। राजीव पंजाब यूनिवर्सिटी के इंडियन थिएटर डिपार्टमेंट से पास आउट हैं। राजीव ने अमर उजाला से बातचीत में फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
सवाल: नाबर जैसी नेशनल अवार्ड विनर फिल्म बनाने के बाद 47 टू 84 जैसी गंभीर फिल्म निर्देशित करके क्या आप समानांतर सिनेमा की तरफ बढ़ रहे हैं?
जवाब: नहीं ऐसा नहीं है, लेकिन इतना जरूर है कि पंजाबी सिनेमा में नए विषय को लाकर एक नए एंगल से फिल्म बनाई है । नाबर के बाद कई फिल्मों के निर्देशन के ऑफर आए, जिसमें से एक जिम्मी शेरगिल के साथ भी थी। लेकिन कामर्शियल काम को चार साल पहले ही छोड़ चुका हूं। साल 2000 में एक नेशनल चैनल का एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर रहा। इसके बाद जी टीवी के साथ काम किया और फिर 9 एक्स में भी काम किया। लेकिन, दिल में कुछ और करने की कसक थी। इसलिए डॉक्यूमेंट्री से शुरुआत की।
सवाल: कुछ साल पहले बॉलीवुड में भगत सिंह पर एक साथ पांच फिल्में बनीं, लेकिन एक भी फिल्म नहीं चल पाई। वही हालात अब पंजाबी इंडस्ट्री के है। आपकी 84 के दंगों पर आधारित फिल्म के साथ 1984 पंजाब और दिल्ली 84 भी फिल्में आ रही हैं ?
जवाब: इस पर दो बातें कहना चाहूंगा। पहली तो यह की पंजाब में भेड़चाल बहुत है। अगर एक विषय मिल जाए तो उस पर ही सब अपना ध्यान लगाने लगते हैं, यही हाल पंजाबी फिल्मों में कॉमेडी को लेकर हुआ है। पंजाबी फिल्मों की एक और बुरी बात कि यहां महिला किरदारों को सिर्फ फैशन तक ही सीमित रखा जाता है।
दूसरी बात विश्व युद्ध पर हॉलीवुड में कई फिल्में बनी हैं और यह एक गर्व की बात है कि हम अपने सिनेमा के जरीए नई पीढ़ी को इतिहास के बारे में भी बताना चाहते है। इस तरह से 1984 के दंगों पर फिल्म का आना अच्छी बात है, लेकिन यह जरूरी है कि हर फिल्म को अलग एंगल से पेश की जाए।
सवाल: आने वाले प्रोजेक्ट के बारे में कुछ बताएं?
जवाब: आने वाले समय में एक फिल्म पर काम कर रहा हूं, जिसका शीर्षक जानवरों की चमड़ी से सामान बनाने वाले लोगों से है। साथ ही पंजाब के कुछ ऐतिहासिक लोगों के ऊपर फिल्म बनाना चाहता हूं, जिसकी मुख्य पात्र केवल महिलाएं होंगी।
सवाल: क्या यह कामर्शियल फिल्म होगी?
जवाब: बिल्कुल नहीं, कामर्शियल काम करके थक चुका हूं। पहले कई टीवी चैनल में काम किया है, अब सिर्फ एक तरह के सिनेमा का निर्माण कर रहा हूं और इसी तरह से आगे बढ़ना चाहता हूं । पंजाबी फिल्मों में आजकल अनुराग सिंह अच्छा काम कर रहे हैं। लेकिन, पंजाबी फिल्मों में कामेडी में वलगेरटी पसंद नहीं है।
30 जून को रिलीज होगी फिल्म 47 टू 84
पंजाब में हुए 1984 के दंगों पर आधारित फिल्म 47 टू 84 आगामी 30 जून को रिलीज होगी। फिल्म की जानकारी देते हुए मंगलवार सुबह फिल्म की स्टार कास्ट प्रेस क्लब पहुंची। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे जफर ढिल्लों ने बताया कि वह इस फिल्म में एक ऐसे युवक का किरदार निभा रहे है जो दंगों के दौरान बंदूक उठाने से मना कर देता है और अपनी कलम की ताकत से आगे बढ़ना चाहता है। लेकिन हालात ऐसे होते है कि उसे अंत में बंदूक उठानी पड़ती है। फिल्म में एक्ट्रेस नताशा राणा मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। जिसके परिवार को 1947 में भी दंगों के दौरान काफी नुकसान पहुंचा था और 1984 के दौरान भी। प्रमोशन के दौरान फिल्म के दस मिनट का प्रोमो भी दिखाया गया।