चंडीगढ़। हरियाणा की मंडियों में अब तक 45.50 लाख टन धान की आवक हो चुकी है। कुल आवक में से 43 लाख टन धान की खरीद की जा चुकी है। वहीं, अब तक विभिन्न मंडियों में 430193 टन बाजरा की आवक हो चुकी है, जिसमें से 417771 मीट्रिक टन बाजरा को एमएसपी पर खरीदा भी जा चुका है। अब तक धान और बाजरा किसानों को 8931 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। जिसमें 8084 करोड़ रुपये धान किसानों को और 847 करोड़ रुपये बाजरा किसानों को भुगतान किया जा चुका है।
कुरुक्षेत्र में हुई धान की सर्वाधिक खरीद
कुरुक्षेत्र की मंडियों में 935432 टन धान की खरीद हो चुकी है। करनाल में 808728 टन धान की आवक हुई है और 7,94,323 टन की खरीद हुई है। कैथल में 772039 टन, अंबाला में 474075 टन, यमुनानगर जिले की मंडियों में 480191 टन और फतेहाबाद में 409851 टन धान की खरीद की गई है। जींद में 158599 टन, सिरसा में 115694 टन और पंचकूला में 71091 टन धान की खरीद की जा चुकी है।
महेंद्रगढ़ में बाजरे की सबसे ज्यादा आवक व खरीद
महेंद्रगढ़ जिले की विभिन्न मंडियों में 106732 टन बाजरा आ चुका है, जिसमें से 105841 टन की खरीद हो चुकी है। रेवाड़ी जिले की विभिन्न मंडियों में 95130 टन बाजरा आ चुका है, जिसमें से 94,115 टन की खरीद की जा चुकी है। भिवानी में 68545 टन की आवक में से 65780 टन की खरीद की जा चुकी है।