चंडीगढ़ में भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं।
- फोटो : अमर उजाला
मानसून में बारिश की कमी का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। चंडीगढ़ में यह आंकड़ा 40 फीसदी तक पहुंच चुका है। 13 जून को मानसून आ गया था, तब से लेकर अब तक सिर्फ नाममात्र की बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक अब तक चंडीगढ़ में 214.3 एमएम बारिश हो जानी चाहिए थी, लेकिन सिर्फ 128 एमएम बारिश दर्ज की गई है। चंडीगढ़ के साथ पंजाब व हरियाणा में भी लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं। हरियाणा में यह आंकड़ा 29 फीसदी और पंजाब में 36 फीसदी तक पहुंच चुका है।
मौसम विभाग के मुताबिक यह कमी अब जल्द ही पूरे होने की उम्मीद है। 11 व 13 जुलाई तक अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं। 10 जुलाई को भी कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इससे मानसून बारिश की कमी का जो आंकड़ा है, वह काफी हद तक सुधर जाएगा।
दूसरी तरफ, लोगों को गर्मी से राहत मिलने लगी है। शुक्रवार को दिन व रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट रिकॉर्ड हुई, जबकि न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट रिकॉर्ड हुई। मौसम विभाग का कहना है कि हवाओं की दिशा अब बदल चुकी है। पहले पश्चिमी हवाएं चल रही थीं, जो तापमान को बढ़ा रही थी। अब पूर्वी हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान नीचे आया है। इसके साथ ही चंडीगढ़ के आसपास के इलाकों में छिटपुट बारिश भी हुई है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 37 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 से 28 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। तीनों दिन बारिश के आसार हैं।