सोशल मीडिया पर कोरोना के संबंध में दुष्प्रचार के खिलाफ पंजाब पुलिस ने डिजिटल स्ट्राइक की है। बुधवार को पुलिस ने 108 सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक करवाने में सफलता हासिल की। इनमें 38 फेसबुक, 49 ट्विटर और 21 यूट्यूब अकाउंट्स/लिंक हैं। वहीं इस संबंध में सूबे के थानों में अब तक 121 मामले दर्ज किए गए हैं। जबकि 151 फेसबुक अकाउंट, 100 ट्विटर, चार इंस्टाग्राम और 37 यूट्यूब अकांउट के बारे में संबंधित अथॉरिटी फेसबुक, ट्विटर और गूगल को सूचित किया गया।
डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना टेक्नोलॉजी मंत्रालय के साइबर-लॉ डिवीजन से संपर्क किया गया था। अभी और कई खातों को ब्लॉक करने की तैयारी है। गुप्ता ने बताया कि संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफार्म से इस संबंध में खाताधारकों की जानकारी मांगी गई है।
उन्होंने कहा कि खाताधारकों की सूचना मिलते ही इन्फॉरमेशन टेक्नोलॉजी एक्ट, 2000 और आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत शरारती तत्वों पर कार्रवाई की जाएगी। साइबर क्राइम सेल, पंजाब के ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिीगेशन के डायरेक्टर अर्पित शुक्ला ने लोगों से सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर किसी भी तरह की गैर-प्रामाणिक खबरों, वीडियो और अन्य संबंधित सामग्री साझा न करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद हुई कार्रवाई
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य में कोरोना के इलाज में अंग निकालने की फर्जी वायरल होने के बाद इस संबंध में सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया था।
यह भी देखें: हमारे चैनल को सब्सक्राइब करें-