हरियाणा में लोकसभा चुनाव की मतगणना के दौरान शांति बनाए रखने के लिए अर्द्धसैनिक बलों और आईआरबी की 35 कंपनियों को तैनात किया गया है। केंद्र सरकार की ओर से भेजी गई दस अतिरिक्त कंपनियों ने बुधवार को मोर्चा संभाल लिया। मतगणना के दौरान हिंसा भड़काने व कानून व्यवस्था तोड़ने वालों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई होगी।
शांति बनाए रखने के लिए घोड़ा पुलिस भी तैनात की गई है। डीजीपी मनोज यादव ने कहा कि रोहतक, सोनीपत, झज्जर, भिवानी, सिरसा और हिसार जिलों में मतगणना परिणामों की घोषणा के बाद शांति व कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र अर्द्धसैनिक बलों की 10 अतिरिक्त कंपनियां मिली हैं। इन्होंने अपनी ड्यूटी संभाल ली है।
राज्य भर में कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए घोड़ा पुलिस भी तैनात की गई है। प्रदेश में कुल 35 कंपनियों को मतगणना डयूटी पर लगाया गया है, जिनमें सेंट्रल पैरामिलिट्री की 23 और इंडियन रिजर्व बटालियन की 12 कंपनी शामिल हैं। इन कंपनियों में कुल 3150 सुरक्षाकर्मी हैं। राज्य सशस्त्र पुलिस बल के अलावा स्ट्रांग रूम के बाहर भारी संख्या में स्थानीय पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
डीजीपी ने कहा कि कोई भी तत्व जो कानून व्यवस्था को बिगाड़ने व मतगणना प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ कानून अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। हरियाणा पुलिस बिना किसी भय के शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना प्रक्रिया पूरा करवाएगी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी सहयोग करें।