चंडीगढ़। ट्राइसिटी में बुधवार को एक संक्रमित की मौत और 3153 नए संक्रमितों के मिलने से हड़कंप मच गया। तीसरी लहर में पहली बार संक्रमितों का आंकड़ा तीन हजार के पार पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं। नए संक्रमितों में चंडीगढ़ के 1114, पंचकूला के 1065 और मोहाली के 974 मरीज शामिल हैं।
मृतक की पहचान चंडीगढ़ के सेक्टर-28 निवासी निवासी 87 वर्षीय महिला के रूप में हुई है। उनका इलाज जीएमसीएच-32 में चल रहा था। उन्होंने कोरोना टीके की दोनों खुराक लगवा रखी थीं। वह मधुमेह, उच्च रक्तचाप और किडनी की गंभीर बीमारी के साथ ही थायराइड की भी मरीज थीं।
चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे में 5211 लोगों की जांच की, जिनमें से 1114 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसी के साथ संक्रमण दर 21.38 प्रतिशत पर पहुंच गई है। वहीं, सात दिन की अवधि पूरी करने वाले 229 मरीजों को स्वास्थ्य विभाग ने छुट्टी दे दी। संक्रमित मिले मरीजों में 601 पुरुष और 513 महिलाएं शामिल हैं। शहर में अब तक 1084 मरीजों की मौत हो चुकी है। बुधवार को ऑक्सीजन पर भर्ती मरीजों की संख्या 332 और वेंटिलेटर पर भर्ती मरीजों की संख्या 25 पर पहुंच गई है। सबसे ज्यादा 90 संक्रमित मरीज सेक्टर-15, मनीमाजरा से 83, पीजीआई कैंपस से 31, सेक्टर-38 से 46, सेक्टर-24 से 34, सेक्टर-23 से 36, सेक्टर-18 से 34, सेक्टर-20 से 23 मरीज मिले हैं।
50 प्रतिशत से ज्यादा बच्चों को लगी पहली खुराक
टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 15 से 18 साल के बीच के 36092 किशोरों को टीके की पहली खुराक लगने के साथ ही तय किए गए लक्ष्य में से 50.3 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। वहीं, बूस्टर डोज के अभियान में 1204 बुजुर्गों, 1145 स्वास्थ्य कर्मियों व 554 अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों ने खुराक लगवाई।