बंद मकान से मिली अवैध शराब की 308 पेटियां
- फोटो : अमर उजाला
पिंजौर-नालागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिंजौर ब्लॉक के गांव टांडा जोहलूवाल के एक बंद मकान में अवैध रूप से रखी अंग्रेजी शराब की पेटियां पिंजौर पुलिस ने बरामद की हैं। पुलिस ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के एक बंद मकान में अवैध रूप से शराब रखी हुई है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम के साथ खुफिया तंत्र को सक्रिय किया। जानकारी से सामने आया कि गांव टांडा जोहलूवाल में खेत में बने पशु बाड़े के अंदर मकान बना हुआ है, जिस पर ताला लगा है और उसमें अवैध शराब की पेटियां रखीं हैं। सूचना के आधार पर पिंजौर पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो उसमें अंग्रेजी शराब चैलमसफोर्ड की करीब 308 पेटियां बरामद हुईं। इसमें करीब 3696 बोतलें थी। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि यह मकान इंद्र सिंह निवासी गांव जोहलूवाल टांडा का है। पुलिस ने शराब को आबकारी विभाग के सुपुर्द कर दिया है।