डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने मुख्य सचिव सर्वेश कौशल को हिदायत दी है कि चंडीगढ़-अंबाला रोड पर डेराबस्सी के पास तीन हजार एकड़ का लैंड बैंक स्थापित किया जाए, ताकि निवेशक यहां अपनी जरूरत के मुताबिक नए प्रोजेक्ट शुरू कर सकें। सुखबीर मंगलवार को इन्वेस्टमेंट प्रमोशन ब्यूरो के कामकाज की समीक्षा और नए प्रोजेक्ट का जायजा ले रहे थे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि लैंड बैंक में 4-6 लेन रोड और अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। उन्होंने बताया कि राज्य केदूसरे हिस्सों में भी ऐसे लैंड बैंक स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि पंजाब सात क्षेत्रों में नए निवेश पर फोकस करेगा। जिनमें गारमेंट एक्सपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक्स हार्डवेयर, बायो-साइंस, फूड प्रोसेसिंग, आईटी, फार्मा, ऑटो पार्ट-ऑटोमोबाइल शामिल हैं। न्यू चंडीगढ़ व अन्य जगहों पर इनके हब विकसित किए जाएंगे। वह खुद इन क्षेत्रों के दिग्गज उद्यमियों से मिल कर उन्हें बताएंगे कि निवेश केलिए पंजाब सर्वश्रेष्ठ है।
लुधियाना में बनेगा गारमेंट कलस्टर
डिप्टी सीएम ने बताया कि लुधियाना में गारमेंट क्लस्टर बनाया जाएगा, जिससे रोजगार पैदा होगा। उन्होंने बताया कि इन्वेस्टमेंट प्रमोशन ब्यूरो के रीजनल दफ्तर अमृतसर, जालंघर, लुधियाना व बठिंडा में खोले जाएंगे।
दूसरा इन्वेस्टमेंट प्रमोशन समिट आयोजित करने से पहले फीडबैक सेशन होगा। जिसमें पता लगाया जाएगा कि प्रोजेक्ट्स में सरकार की तरफ से क्या रुकावटें रहीं। अधिकारियों को हिदायत दी गई कि वे आईटी, एजुकेशन और फार्मा क्षेत्रों के बड़े उद्यमियों से बात करके निवेश को प्रोत्साहित करें।