पंजाब में स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है उधर 3 संदिग्ध मरीजों की मौत इलाज के दौरान हो गई।
जिले में स्वाइन फ्लू के दो और संदिग्ध मरीजों की मौत हो गई। इनमें से एक मरीज ने लुधियाना के डीएमसी में इलाज के दौरान दम तोड़ा। जबकि दूसरे की मौत एक निजी अस्पताल में हुई। हालांकि बीमारी की पुष्टि के लिए डाक्टरों को टेस्ट रिपोर्ट के आने का इंतजार है।
मोहल्ला प्रीत नगर निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सेहत विभाग की ओर से उसके स्वैब टेस्ट के लिए चंडीगढ़ भेजे थे, लेकिन देर रात ही व्यक्ति की हालत गंभीर होने पर उसे लुधियाना रेफर कर दिया गया। जहां डीएमसी में उपचार के दौरान शुक्रवार रात उसने दम तोड़ दिया।
इसी तरह से निजी अस्पताल में भर्ती लमीनी निवासी 34 वर्षीय व्यक्ति की भी शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। उसके भी सैंपल सेहत विभाग की ओर से कल ही लेकर पीजीआई चंडीगढ़ जांच को भेजे गए थे। लेकिन, अभी दोनों की रिपोर्ट नहीं आ सकी है।
सिविल अस्पताल के नोडल अधिकारी डा. एमएल अत्री ने बताया कि कल भर्ती किए गए मोहल्ला प्रीत नगर निवासी मेडिकल रिप्रजेंटेटिव की हालत देख उसे डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया था, लेकिन डीएमसी में रात को उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को विभाग की ओर से उक्त दोनों मृतकों को मिलाकर तीन संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल जांच के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेजे गए थे। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट आने पर ही कुछ कहा जा सकता है।
स्वाइन फ्लू के संदिग्ध की मौत
जालंधर। स्वाइन फ्लू के एक और संदिग्ध मरीज ने दम तोड़ दिया। शुक्रवार रात 3 बजे के करीब नूरमहल निवासी अमनप्रीत सिंह की सिविल अस्पताल में मौत हो गई। अमनप्रीत 32 साल के थे व उन्हें स्वाइन फ्लू की आशंका के चलते अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
वहीं आदर्श नगर की कमलजीत कौर (60) को शनिवार को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। स्वाइन फ्लू की आशंका के चलते उसके स्वैब लेकर लैब भेज दिए गए हैं। शनिवार को लोहियां की रहने वाली रंजीत कौर को सिविल अस्पताल से पीजीआई रेफर कर दिया गया है। शाम को एक और संदिग्ध मरीज स्वरूप लाल निवासी हरिपुर, नकोदर को पटेल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
वहीं अलावलपुर की संतोष को स्वस्थ होने के कारण अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। अब तक जिले में स्वाइन फ्लू के पॉजिटिव मरीजों की संख्या 9 तक पहुंच गई है। इन 9 मरीजों में से 5 स्वाइन फ्लू के चलते अपनी जान गंवा चुके हैं।