मानसा के बीते दो माह में सरदूलगढ़ क्षेत्र में स्वाइन फ्लू की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं दो लोग स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे लोगों में दहशत है, वहीं स्वास्थ्य विभाग महज खानापूर्ति करता नजर आ रहा है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच के लिए भेजी गई टीम का एक मरीज के घर के बाहर से लौट आना है।
जिले के सब डिवीजन सरदूलगढ़ में आते गांव खैरा कलां की शिमला रानी, उड्डत भगत राम के शिवराज और जटाना कलां निवासी जसविंदर कौर की बीते एक हफ्ते में स्वाइन फ्लू के कारण मौत हो चुकी है। इसके अलावा सरदूलगढ़ की निवासी सोनी मंगला को स्वाइन फ्लू की चपेट में आने से लुधियाना इलाज के लिए ले जाया गया था, जिसकी हालत हालत अब ठीक है।
वहीं स्वाइन फ्लू पॉजिटिव सरदूलेवाला निवासी जोरा सिंह लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में भर्ती है। स्वाइन फ्लू से पीड़ित सोनी मंगला के पति मुनीश मंगला ने बताया कि जब उनकी पत्नी लुधियाना अस्पताल में दाखिल थी, तभी उसको सिविल सर्जन मानसा का फोन आया था।
उनके अनुसार सिविल सर्जन की ओर से बताया गया कि आपकी पत्नी को स्वाइन फ्लू होने के चलते स्वास्थ्य विभाग की टीम आपके घर की जांच करेगी। उन्होंने सिविल सर्जन को अपने घर का पता बता दिया, लेकिन उनके घर की जांच करने आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर के अंदर प्रवेश करना मुनासिब नहीं समझा। बाहर सड़क पर बुलाकर परिवार से बातचीत कर खानापूर्ति कर ली।
उन्होंने कहा कि चाहे उन्होंने अपनी पत्नी का इलाज करवा लिया है, लेकिन किसी अन्य को बीमारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को मोहल्ले में भी दवा आदि का छिड़काव करना चाहिए।
जांच की जाएगी: एसएमओ
एसएमओ सरदूलगढ़ नीना नाकरा पिलानी ने बताया कि जब उनके पास स्टेट की रिपोर्ट आती है तो संबंधित मरीज के घर पर विभाग की टीम भेजकर समूचे परिवार की जांच कर दवा दी जाती है। उन्होंने लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत देते हुए कहा कि स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए सिविल अस्पताल में सभी प्रबंध मौजूद हैं। उन्होंने क्षेत्र में इस बीमारी से तीन लोगों की मौत व दो मरीजों नए आने की भी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इस बारे में जांच की जाएगी।