देश में जब हर ओर विश्व योग दिवस की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हो तो भारतीय सेना इससे अछूती कैसे रहती। 21 जून को वेस्टर्न कमांड काफी बड़े स्तर पर योग दिवस का आयोजन करने जा रही है।
वेस्टर्न कमांड के विभिन्न लोकेशन पर तैनात सेना के तीन लाख अधिकारी व कर्मचारी अपनी फैमिली मेंबर के साथ सुबह सात बजे से लेकर सात बजकर 35 मिनट तक एक साथयोग करेंगे। चंडीमंदिर में भी एक बड़ा आयोजन करने की तैयारी चल रही है। चंडीमंदिर के रैना स्टेडियम में 2500 लोग एक साथ योग के आसन करेंगे।
सेना प्रवक्ता ने बताया कि योग के लिए लगातार जागरूकता फैलाई जा रही है। सेना में कार्यरत अधिकारी, कर्मचारियों और उनके फैमिली मेंबर को योग से संबंधित जानकारियां बांटी जा रही हैं। डिमॉनस्ट्रेशन दिए जा रहे हैं, ताकि योग करने में परेशानी न हो।
योग के बाद एक मेडिकल कैंप भी लगाया जाएगा, जिसमें सभी कर्मचारियों का फ्री मेडिकल चेकअप होगा। वेस्टर्न कमांड के लेफ्टिनेंट जनरल केजे सिंह और अन्य सीनियर अधिकारी भी योगाभ्यास में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा करीब एक लाख एनसीसी कैडेट 260 जगहों पर होने वाले आयोजनों में भाग लेंगे।
लेक पर भी होगा योगाभ्यास
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सुखना लेक पर विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। लेक के एरिया को जोन में बांटा गया है, जहां 11 अलग-अलग सेक्शन योग के लिए होंगे। यह कार्यक्रम सुबह 6 से 8 बजे तक चलेगा। जनरल पब्लिक को गाइड करने के लिए एक्सपर्ट्स भी मौजूद रहेंगे।
गार्डन ऑफ साइलेंस में विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं, चंडीगढ़ योग एसोसिएशन लेजर वैली में कार्यक्रम आयोजित करेगी। एडमिनिस्ट्रेटर प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी मुख्य अतिथि केतौर पर योग स्थल का दौरा करेंगे। सेक्टर-34 मेला ग्राउंड में भी एडमिनिस्ट्रेटर ही मुख्य अतिथि होंगे।