फिरोजपुर/मक्खू में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी को फरीदकोट के अस्पताल में भरती किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बिहार निवासी राजा कुमार, धरिंदर कुमार पुत्र दुलार चंद और रमेश कुमार पुत्र लड्डू राम पिछले कुछ समय से मक्खू में रह रहे थे और घरों में पेंट का काम करते थे। वीरवार सुबह नौ बजे तीनों बाइक पर मक्खू से गांव लहरा बेट मजदूरी करने जा रहे थे।
त्रिकोणी चौक पहुंचते ही मोगा से अमृतसर की तरफ जा रही बस से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में राजा कुमार और धरिंदर कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रमेश गंभीर रुप से जख्मी हो गया। रमेश को पहले मक्खू के सरकारी अस्पताल में भरती करवाया, लेकिन गंभीर हालत के कारण उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया। थाना मक्खू पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दूसरी घटना में राम प्यारा वासी गांव वलूर थाना कुलगढ़ी बाइक पर अपने ससुराल जा रहा था। गांव फिरोजशाह के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में रामप्यारा की मौत हो गई। थाना कुलगढ़ी पुलिस ने मृतक के पिता दारा सिंह के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।