हरियाणा पुलिस के प्रयासों से इस साल भीषण और जानलेवा सड़क हादसों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। जनवरी से सितंबर 2019 तक सड़क हादसों से होने वाली मृत्यु दर में गत वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 3.55 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई है।
सड़क दुर्घटनाओं और घायल व्यक्तियों की संख्या में भी 4.47 प्रतिशत और 5.74 प्रतिशत की कमी आई है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि पुलिस के यातायात व सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों से यह संभव हो पाया है।
जनवरी और सितंबर के बीच सड़क दुर्घटना से होने वाली मृत्यु की संख्या 3882 से घटकर 3744 रह गई है। सड़क हादसों के मामले भी 8521 से घटकर 8140 रह गए जो कि पिछले साल से 381 कम हैं। घायल व्यक्तियों की संख्या में भी 425 मामलों की गिरावट सामने आई है।
पिछले साल 7401 की तुलना में इस साल सितंबर तक सड़क हादसों में कुल 6976 लोग घायल हुए। पुलिस द्वारा संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर सड़क के बुनियादी ढांचे में सुधार किया गया है।
ड्रिंक एंड ड्राइविंग पर लगाम लगाने व भारी वाहनों में सभी प्रकार के सुरक्षात्मक उपायों को सुनिश्चित करने के लिए भी कड़ी नजर रखी जा रही है।