चंडीगढ़। जालसाजों ने क्रेडिट कार्ड बंद करने का झांसा देकर एक व्यक्ति को 27999 रुपये की चपत लगा दी। हैरत की बात है कि पिछले एक साल से नए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल ही नहीं किया गया था। बावजूद इसके जालसाजों ने चपत लगा दी। शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता हरिओम शर्मा ने बताया कि वह सेक्टर-29 के रहने वाले हैं और एक निजी कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने वर्ष 2020 में आरबीएल बैंक का क्रेडिट कार्ड बनवाया था, जिसकी लिमिट 58 हजार रुपये की थी, लेकिन क्रेडिट कार्ड के मिलने के बाद से उन्होंने उसका इस्तेमाल नहीं किया था। बीते 27 मई को उनके मोबाइल पर पहले एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि आपके क्रेडिट कार्ड की सेटिंग सक्सेसफुल हो गई है। इसके थोड़ी देर बाद ही उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन पर शख्स ने कहा कि आप पिछले एक साल से क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, कंपनी की तरफ से इसे बंद किया जा रहा है। इसके लिए आपके मोबाइल पर मैसेज में एक कोड भेजा जा रहा है। हरिओम का कहना है कि जालसाज के झांसे में आकर उन्होंने उसे मैसेज पर आए कोड को बता दिया। इसके बाद उनके क्रेडिट कार्ड से गुरुग्राम में 27999 रुपये कटने का मैसेज आया। उस नंबर पर दोबारा फोन किया गया तो वह नंबर कभी स्विच ऑफ आता तो कभी उस नंबर को कोई रिसीव नहीं करता। परेशान होकर उन्होंने मामले की शिकायत साइबर सेल को दी है।