हरियाणा में सरकार ने तुरंत प्रभाव से 27 आईएएस अधिकारियों के नियुक्ति एवं स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। बिजली विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव(एसीएस) राजन कुमार गुप्ता को स्वास्थ्य विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, श्याम सुंदर प्रसाद को उनके मौजूदा कार्यभार के अलावा पी.राघवेंद्र राव के स्थान पर नगर एवं ग्राम आयोजना तथा शहरी संपदा विभाग का एसीएस नियुक्त किया गया है।
विज्ञापन
पी.राघवेंद्र राव को वित्त एवं आयोजना विभाग का एसीएस, स्वास्थ्य विभाग के एसीएस प्रशांत कुमार महापात्रा को महिला एवं बाल विकास विभाग, उच्चतर शिक्षा एवं सांस्कृतिक मामले विभाग के एसीएस विजय वर्धन को श्रम विभाग, सहकारिता विभाग की एसीएस रजनी शेखरी सिबल को पशुपालन एवं डेयरी विभाग का एसीएस नियुक्त किया गया है। वित्त आयोजना व निगरानी एवं समन्वय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजीव कौशल को आबकारी एवं कराधान विभाग का एसीएस के अतिरिक्त जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग की एसीएस शशिबाला गुलाटी को अभिलेखागार, पुरातत्च एवं संग्रहालय विभाग की एसीएस, जबकि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसीएस आलोक निगम को सहकारिता विभाग का एसीएस नियुक्त किया गया है।
इन अफसरों का हुआ तबादला
- फोटो : Demo Pic
अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग के प्रधान सचिव त्रिलोक चंद गुप्ता को निगरानी एवं समन्वय विभाग, पर्यावरण विभाग के प्रधान सचिव सिद्धीनाथ राय को मत्स्य विभाग, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव अनिल कुमार को अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग का प्रधान सचिव, नागरिक उड्डयन एवं श्रम विभाग के प्रधान सचिव महावीर सिंह को उच्चतर शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव नियुक्त करने सहित नागरिक उड्डयन विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
पर्यटन विभाग की प्रधान सचिव सुमिता मिश्रा को आवास विभाग और सांस्कृतिक मामले विभाग और आबकारी एवं कराधान व सिंचाई विभाग के प्रधान सचिव अनुराग रस्तोगी को बिजली व सिंचाई विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। आनंद मोहन शरण, प्रधान आवास आयुक्त, हरियाणा भवन, नई दिल्ली, मुख्य प्रशासक व्यापार, मेला प्राधिकरण, हरियाणा और अध्यक्ष, हरियाणा खनिज लिमिटेड को अपने वर्तमान कार्यभार के अतिरिक्त शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव का कार्यभार भी सौंपा गया है।
मत्स्य विभाग के प्रधान सचिव अनिल मलिक को तकनीकी शिक्षा विभाग का प्रधान सचिव जबकि अभिलेखागार, पुरातत्च एवं संग्रहालय विभाग के प्रधान सचिव श्रीकांत वाल्गद को पर्यावरण विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। तकनीकी शिक्षा, रोजगार तथा खान एवं भू-विज्ञान विभाग के प्रधान सचिव एवं चौकसी के जांच अधिकारी एके सिंह को रोजगार और खान एवं भू-विज्ञान विभाग के प्रधान सचिव व जांच अधिकारी, चौकसी का कार्यभार सौंपने के अलावा औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के प्रधान सचिव अभिलक्ष लिखी को पर्यटन विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
विजेन्द्र कुमार को सामान्य प्रशासन एवं प्रशासनिक विभाग का सचिव तथा हरियाणा सरस्वती विरासत बोर्ड का सीईओ नियुक्त करने के साथ साथ पर्यावरण विभाग के महानिदेशक एवं सचिव का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है। पर्यावरण विभाग के महानिदेशक एवं सचिव सुभाष चंद्र को सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, महानिदेशक, भू-चकबंदी, भू-अभिलेख; विशेष कलेक्टर (मुख्यालय) एवं विशेष एलएओ नियुक्त किया गया है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के महानिदेशक प्रदीप कासनी को वित्त विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। आयुष विभाग के निदेशक और तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव साकेत कुमार को अपने वर्तमान कार्यभार के अलावा विशेष सचिव, स्वास्थ्य विभाग; मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और आयुक्त, खाद्य एवं औषध प्रशासन का कार्यभार सौंपा गया है। औद्योगिक प्रशिक्षण एवं रोजगार विभाग के निदेशक को उनके मौजूदा कार्यभार के अलावा हरियाणा डेयरी विकास, सहकारी प्रसंघ के प्रबंध निदेशक का कार्यभार भी सौंपा गया है। राजीव रतन को निदेशक, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग नियुक्त किया गया है, जबकि इससे पहले उनके पास अतिरिक्त सचिव, स्वास्थ्य विभाग, मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और आयुक्त, खाद्य एवं औषध प्रशासन का कार्यभार था। सीजी रजीनीकांतन के नियुक्ति आदेश बाद में जारी किए जाएंगे।