बेगोवाल के गांव नंगल लुबाना के युवक की अमेरिका के फ्रीजनो शहर के समीप सड़क हादसे में मौत हो गई। गांव नंगल लुबाना में मृतक के पिता सुखजीत सिंह ने बताया कि करीब पांच साल पहले उनका 26 वर्षीय लड़का जगजीत सिंह उर्फ जिम्मी अमेरिका गया था। इस दौरान वह अपने भाई संदीप सिंह के पास कैलीफोर्निया के शहर मंडोरा में (फ्रीजनो) रह रहा था।
घटना उस समय हुई जब वह अपने एक साथी ट्राला चालक के साथ ट्राला लेकर न्यूयार्क की तरफ जा रहा था कि अचानक रास्ते में उनका ट्राला बेकाबू होकर पलट गया। ट्राले में सो रहे जगजीत सिंह की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। सुखजीत सिंह ने बताया कि वह सेवानिवृत्त फौजी हैं और इस समय गांव में खेती करते हैं।
अभी कुछ समय पहले ही बड़ा बेटा संदीप सिंह काफी पैसे खर्च करने के बाद पक्का हुआ था और जगजीत सिंह के भी कागज लगाए हुए थे। लेकिन वाहेगुरु को कुछ और ही मंजूर था। उन्होंने बताया कि मृतक के विदेश जाने पर करीब 45 लाख रुपये खर्च हुए थे। इस घटना ने उनकी कमर तोड़कर रख दी है। गांव के लोग परिवार से संवेदना व्यक्त करने आ रहे हैं।