चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश के स्कॉलरशिप घोटाले में 2.5 करोड़ की रिश्वत मांगने के मामले में गिरफ्तार ईडी के सहायक निदेशक विशालदीप ने सीबीआई कोर्ट में जमानत याचिका दायर कर दी है। कोर्ट ने याचिका को मंजूर कर नोटिस जारी करते हुए सीबीआई को जवाब-तलब किया है। मामले में अगली सुनवाई 7 अप्रैल को होगी, जिसमें सीबीआई द्वारा जमानत याचिका का जवाब दिया जाएगा। आरोपी विशालदीप को पंचकूला में फिरौती मांगने के मामले में जमानत मिल चुकी है।
गौरतलब है कि हिमाचल में हुए स्कॉलरशिप घोटाले में धन शोधन पर दर्ज मामले में शिमला ईडी सहायक निदेशक विशालदीप द्वारा जांच की जा रही थी। लेकिन जांच अधिकारी ने मामले में शिक्षण संस्थानों के संचालकों से उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करने की एवज में 2.5 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत मांगने का मामला सीबीआई के पास पहुंच गया था, जिसमें जांच टीमों ने विशालदीप सहित उसके भाई विकासदीप, नीरज और खुद के दिल्ली सीबीआई में तैनात डीएसपी बलबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। इसी मामले में आरोपी विशालदीप ने जमानत याचिका दायर की है।