हरियाणा में 25 गायों की मौत का मामला सामने आया है, वहीं 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। अब इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना हरियाणा के सनौली की है। गांव खोजकीपुर के पास खेतों में रह रहे राजस्थान के पशुपालकों की 25 गायों की खेत से जहरीला पानी पीने से मौत हो गई। 15 गायों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पशु चिकित्सक इनका इलाज कर रहे हैं। इस हादसे की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने मरी हुई गायों को गड्ढे खुदवाकर दफनाया। बताया जा रहा है कि इस हादसे से पशु पालकों का 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। ये पशुपालक जहां भी जाते हैं आसपास के क्षेत्र में दूध बेचकर अपना गुजारा करते हैं।
राजस्थान निवासी कालाराम ने बताया कि वह अपने मालिक रघुनाथ की गाय को गर्मियों में चराने के लिए हरियाणा लेकर आता है। उनके पास 600 गाय हैं। दो माह पहले वह राजस्थान से 600 गाय लेकर निकले थे। वह एक गांव में 10 से 15 दिन रहते हैं। यहां वे दिन भर गायों को जंगलों व हरे क्षेत्रों में चरने के लिए छोड़ देते हैं। वह चार दिन पहले खोजगीपुर गांव में आए थे। गांव के बाहर उन्होंने पंचायती जमीन पर अपना डेरा डाला था।