चंडीगढ़। सेक्टर-27ए स्थित श्री अरबिंदो स्कूल ऑफ इंटीग्रल एजुकेशन में बुधवार को 25 बेड का मिनी कोविड केयर सेंटर शुरू हो गया। यूटी प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने बुधवार को इस सेंटर का उद्घाटन किया और सुविधाओं का निरीक्षण किया।
बी श्योर बडी और श्री अरबिंदो सोसाइटी की ओर से संयुक्त रूप से स्थापित इस सेंटर में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए सभी आवश्यक उपकरण और 15 डॉक्टर्स व पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध हैं। बी श्योर बडी की सरताज लांबा ने कहा है कि कोविड देश में तेजी से फैल रहा है। निजी उद्यमों की ओर से आवश्यक चिकित्सा सहायता के लिए मदद की जा रही है। श्री अरबिंदो सोसाइटी के ट्रस्टी चेयरमैन अरविंद मेहन ने कहा कि परिसर को ऑक्सीजन आपूर्ति, साइट पर निगरानी, स्टाफ आदि की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पंजाब इंजीनियरिंग कालेज के सहयोग से सरताज सांबा और उनकी बेटी डॉ. अवनीत बानी लांबा ने सेंटर को डिजिटली मजबूत करने के लिए एक मोबाइल एप भी लांच किया। यह एप सिर्फ मरीजों और डॉक्टरों के लिए है। इसमें बेड की उपलब्धता व मरीजों की स्थिति की जानकारी होगी। एप बनाने में पेक के सीएसई चौथे वर्ष के मनप्रीत सिंह जुनेजा, सीएसई द्वितीय वर्ष के पुनीत बंसल, सीएसई द्वितीय वर्ष उत्कर्ष गोयल, सीएसई द्वितीय वर्ष के शुभाशीष और कंप्यूटर विज्ञान विभाग के सहायक प्रोफेसर मयंक गुप्ता और एप्लाइड साइंसेज विभाग से प्रोफेसर वसुंधरा सिंह ने साथ दिया।
गौरतलब है कि प्रशासन ने अब तक कुल 9 जगह पर मिनी कोविड केयर सेंटर व अस्पताल बनाने की मंजूरी दी है। इनमें बाल भवन, इंदिरा हॉलीडे होम, पीजीआई का इंफोसिस सराय, सेक्टर-8बी स्थित गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-27ए स्थित अरबिंदो स्कूल, सेक्टर-43 का स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, सेक्टर-38बी का बिल्डिंग नंबर-1100, सेक्टर-47 का कम्युनिटी सेंटर और सेक्टर-34 का स्पोर्ट्स कांप्लेक्स है।