चंडीगढ़। शहर के दो अलग-अलग ऑनलाइन मामलों में साढ़े 24 हजार रुपये की धोखाधड़ी हो गई। पहला मामला ओएलएक्स पर बेड खरीदने और दूसरा सोशल साइट टेलीग्राम में मोबाइल बेचने का है।
यतीन कुमार सेक्टर-37 निवासी हैं। उन्होंने कुछ समय पहले 4500 रुपये की कीमत का एक बेड बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन डाला था। 28 सितंबर को उनके मोबाइल पर किसी व्यक्ति का फोन आया और बेड का सौदा 4500 रुपये में तय हो गया। इसके बाद व्यक्ति ने बार कोड भेजकर भुगतान पाने के लिए उसे स्कैन करने के लिए कहा। स्कैन करते ही उनके खाते से पहले 4500 फिर 1300 इसके बाद 9-9 हजार रुपये दो बार में और निकल गए। कुल मिलाकर कुछ ही देर में उनके खाते से 23,800 रुपये कट गए। उन्होंने इसकी सूचना साइबर सेल को दी, जहां सेक्टर-39 थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया।
मोबाइल के नाम पर हो गई ठगी
इसी तरह सेक्टर-56 निवासी अजीत कुमार (22) ने बताया कि उन्होंने सोशल साइट टेलीग्राम पर वन प्लस मोबाइल का विज्ञापन देखा। जिसके बाद दिए गए नंबर पर फोन किया तो मोबाइल का सौदा 13 हजार में तय हुआ। एडवांस के तौर पर शातिर ने पेटीएम के जरिए 999 रुपये जमा करवा लिए लेकिन अब आरोपी न तो फोन दे रहा है और न ही रुपये वापस कर रहा है। इससे परेशान होकर अजीत ने साइबर सेल को सूचना दी।