चंडीगढ़। नशा शहर के युवाओं की नसों में जहर बनकर दौड़ रहा है। आए दिन कोई न कोई इसकी भेंट चढ़ रहा है। ताजा मामला गांव बहलाना का है, जिसमें 22 साल के एक युवक की नशे की ओवरडोज से बुधवार सुबह मौत हो गई। वह अपनी मां और भाई के साथ गांव बहलाना में रहता था। इसकी सूचना मिलने पर हल्लोमाजरा के चौकी प्रभारी और फिर सेक्टर-31 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की। उसका शव सुबह घर के बाहर मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच-32 में रखवाया। युवक की पहचान बहलाना निवासी जितेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक युवक की मौत नशे की ओवरडोज से हुई है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम के बाद ही होगा।
परिजनों का कहना है कि जितेंद्र कुमार नशे का आदी था। वह इंजेक्शन लगाकर नशे की पूर्ति करता था। मंगलवार रात को वह घर नहीं आया था। परिजन देर रात तक उसका इंतजार करते रहे। सुबह करीब साढ़े छह बजे घर का दरवाजा खोला तो जितेंद्र घर के बाहर ही बेसुध हालत में पड़ा था। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत उठाकर जितेंद्र को उठाकर अस्पताल पहुंचा, लेकिन वहां पर डाक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया। शव के पोस्टमार्टम के बाद मौत के सही कारणों को पता चल पाएगा।