बावड़ी की खुदाई कर रहे मजदूरों की जंग लगे 22 बम मिले। इसके बाद सभी मजदूरों में दहशत फैल गई। जानकारों की माने तो यह हैंड ग्रेनेड या रॉकेट बम हो सकते हैं। बम पंजाब के पठानकोट के मोहल्ला काजीपुर में मिले। यहां के राधा-कृष्ण मंदिर की बावड़ी की खुदाई हो रही थी। मंदिर का इतिहास 200 साल से भी पुराना है। यहां काफी पुरानी कुदरती बावड़ियां बनी हुई हैं। नौ दिसंबर को कुछ शरारती तत्वों ने बावड़ी को मिट्टी से भर दिया था।
धार्मिक संस्थाओं के विरोध के बाद इसे साफ करने का काम चल रहा था। शुक्रवार देर शाम इनमें से जब पहली बमनुमा चीज दिखाई दी तो मजदूरों ने इसे लोहे का टुकड़ा समझा और दूर फेंक दिया। उसके बाद एक-एक कर ऐसे 22 टुकड़े निकले तो उन्हें शक हुआ। लोगों ने गौर से देखा तो कुछ में पिन लगी थी।
बावड़ी का दोबारा निर्माण करवा रहे लक्ष्मी कला मंदिर के प्रधान राजकुमार काका ने बताया कि शक होने पर उन्होंने एसएसपी पठानकोट विवेकशील सोनी को इसके बारे में जानकारी दी। फिलहाल इन्हें थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। लोगों का कहना है कि हो सकता है कि 1984 दंगों के दौरान किसी ने इन्हें बावड़ी में फेंक दिया होगा।