चंडीगढ़। यूके से लौटे उन सभी 20 यात्रियों ने भी सोमवार को दोबारा जांच के लिए हामी भर दी, जो अब तक इससे इनकार कर रहे थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम सोमवार को इन सभी लोगों के घर पुलिस और प्रशासन की टीम के साथ जाने वाली थी। इसकी सूचना मिलते ही सभी जांच कराने को तैयार हो गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यूके से लौटे इन 20 लोगों में से 10 के नमूने जांच के लिए ले लिए हैं। बाकी 10 ने मंगलवार को नमूना देने की बात कही है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मोबाइल टीम मंगलवार को बचे हुए यात्रियों के घर जाकर उनके नमूने लेगी। जिन लोगों ने सोमवार को नमूने दे दिए हैं, उनकी रिपोर्ट मंगलवार को आ जाएगी।
बता दें कि यूके से लौटे यात्रियों को दो जोन में बांटकर उनकी मॉनिटरिंग की जा रही है। इसमें से दक्षिण जोन जीएमसीएच-32 के जिम्मे है। इसके अंतर्गत 15 यात्री शामिल हैं बाकी 1, 2, 3, 4 जोन जीएमएसएच-16 के पास है। इसके तहत 5 यात्रियों के नमूने लिए जाने बाकी थे। दक्षिण जोन के 15 यात्रियों में से 7 ने सोमवार को नमूने दे दिए जबकि जीएमएसएच-16 के जोन में बचे हुए 5 यात्रियों में से 3 ने अपने नमूने दे दिए हैं। दोनों जोन के बाकी बचे 10 लोगों की जांच मंगलवार को की जाएगी।
17 की रिपोर्ट आ चुकी है निगेटिव
यूके से लौटे 32 लोगों में से 17 की जांच हो चुकी है। इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सभी आइसोलेशन में रखे गए हैं। स्वास्थ्य विभाग लगातार उनसे फॉलोअप ले रहा है लेकिन उनमें से किसी भी व्यक्ति में अब तक कोई परेशानी सामने आने की जानकारी नहीं मिली है।