पानी में डूबकर 2 बच्चेे की मौत
- फोटो : demo pic
गर्मी से राहत पाने के लिए अपने कुछ दोस्तों के साथ सतलुज दरिया में नहाने गए दो बच्चे डूब गए। हादसा पंजाब के लुधियाना में हुआ। दोनों को डूबते देख उनके साथियों ने शोर मचाया, लेकिन आसपास कोई मौजूद नहीं था। बच्चे तुरंत अपने घर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी।
इसके बाद परिजन सतलुज दरिया पहुंचे और पुलिस को भी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद थाना मेहरबान की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से एक बच्चे का शव बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा अभी लापता है। मृतक की पहचान मोहम्मद फारूक (18) के रुप में हुई है, जबकि मोहम्मद समीर (12) लापता है। गोताखोरों उसकी तलाश कर रहे हैं।
जांच अधिकारी भूपिंदर कुमार ने कहा कि सभी बच्चे बस्ती जोधेवाल स्थित वर्धमान कालोनी में रहते हैं। सभी घरों के बाहर ही खेल रहे थे। इसी दौरान सभी ने सतलुज दरिया पर जाकर नहाने की प्लानिंग बनाई। मोहम्मद फारूक और मोहम्मद समीर अपने कुछ दोस्तों के साथ दरिया पर चले गए। वहां पर नहाते समय दोनों पानी में डूबने लगे। उनके दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन दोनों गहराई की तरफ जा पहुंचे थे।
बाकी बच्चे तुरंत अपने घर पहुंचे और उन्होंने अपने परिजनों के साथ साथ दोनों बच्चों के परिजनों को भी बताया। भूपिंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने सूचना मिलते ही इलाके में गोताखोरों को बुला लिया था। गोताखोरों की मदद से मोहम्मद फारुक का शव निकाल लिया गया है। उन्होंने कहा कि अभी मोहम्मद समीर का कुछ पता नहीं चला है। गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश की जा रही है।