हाउसिंग बोर्ड ने सेक्टर-51 की सेल्फ फाइनेंस हाउसिंग स्कीम को लॉन्च करने की नई तारीख तय कर दी है। पहले यह स्कीम 25 जनवरी को लॉन्च होनी थी। अब एक मार्च को इस स्कीम का ब्रोशर लॉन्च कर दिया जाएगा।
शहरवासी लंबे समय से इस स्कीम का इंतजार कर रहे थे। सात साल से कोई स्कीम लॉन्च नहीं हुई है। इस सेल्फ फाइनेंस स्कीम के तहत फ्लैट का रेट भी बोर्ड ने एक लाख कम कर दिया है। अब टू बीएचके के फ्लैट की कीमत 69 लाख रुपये तय की गई है।
हाउसिंग बोर्ड ने यह भी तय कर लिया है कि ब्रोशर एचडीएफसी बैंक की सभी शाखाओं से मिलेंगे और यहां पर ही जमा होंगे। स्कीम के तहत अभी फिलहाल 128 टू बीएचके फ्लैट का निर्माण किया जाएगा। बोर्ड के अनुसार अगर इसके साथ लगती जमीन जहां पर अभी अतिक्रमण है, वह खाली हो गई तो कुल 200 फ्लैट्स का निर्माण किया जाएगा। सीएचबी की बैठक ने भी इस नई स्कीम के लिए हाल ही में अपनी मंजूरी दी है।
1050 वर्ग फुट का होगा फ्लैट
सीएचबी के चेयरमैन मनिंदर बैंस के अनुसार टू बेडरूम के एक फ्लैट का एरिया 1050 वर्ग फुट होगा। हर फ्लैट के लिए अलग से पार्किंग होगी, जिसके मालिक को उनके फ्लैट नंबर से पार्किंग अलॉट होगी। बोर्ड के अनुसार ड्रॉ निकालने के बाद निर्माण शुरू कर दिया जाएगा और दो साल के भीतर इस प्रोजेक्ट को पूरा करके अलॉटियों को सौंपा जाएगा।
2008 में लॉन्च हुई थी स्कीम, आवेदकों को आज तक नहीं मिला मकान
2008 के बाद बोर्ड यह सेल्फ फाइनेंस स्कीम लांच करने जा रहा है। इससे पहले शहर के सरकारी कर्मचारियों के लिए हाउसिंग स्कीम लॉन्च की गई थी, लेकिन करीब 4 हजार सफल आवेदक कर्मचारियों को अभी तक मकान नहीं मिले हैं।
प्रधानमंत्री और फ्रांस के राष्ट्रपति के आगमन के कारण टाल दी थी लॉन्चिंग
इससे पहले बोर्ड की ओर से 25 जनवरी को स्कीम लॉन्च करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति के आगमन के कारण इस स्कीम की लॉन्चिंग को टाल दिया गया था।
पहली बार लिफ्ट की होगी व्यवस्था
पहली बार हाउसिंग बोर्ड इस नए प्रोजेक्ट में लिफ्ट की व्यवस्था करने जा रहा है। बोर्ड के अनुसार दो साल में इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।