चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घड़ूआं के इंस्टीट्यूट ऑफ एनिमेशन एंड मल्टीमीडिया के विद्यार्थियों ने जिले का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई एनिमेशन फिल्म ‘सोच ले भाई’ को बेस्ट स्टॉप मोशन फिल्म का राष्ट्रीय अवार्ड मिला है।
फिल्म को यह अवार्ड दिल्ली सीजी एनिमेशन अवार्ड-2015 में दिया गया। यूनिवर्सिटी के एनिमेशन स्टूडेंट्स अर्शकमल, बलप्रीत, विशू कोचर, अंकिता आर्य, अर्श खोसा और अमनदीप की टीम ने मिलकर यह फिल्म बनाई थी।
लगभग ढाई मिनट की फिल्म में बेहतरीन तकनीकी हुनर और माता-पिता व परिवार को प्यार करने संदेश दिया गया है। संस्थान के छात्र विशू कोचर ने बताया कि फिल्म को उन्होंने निर्देशित और संपादित किया है।
फिल्म बनाते समय उन्हें काफी कुछ नया सीखने को मिला है, जोकि आगे चलकर उनके लिए मददगार होगा। यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम सिंह संधू ने विद्यार्थी को इसके लिए बधाई दी है।
यह कहानी है फिल्म की
विशू ने बताया की एनिमेशन फिल्म को बनाने का मूल उदेश्य अच्छी नौकरी की खोज में माता-पिता को अनदेखा करके विदेश जाने वाले भारतीय नौजवानों को अंदर से झंझोड़ना और अपने परिवार के पास रहते हुए प्रोफेशनल कामयाबी हासिल करने के लिए प्रेरित करना था।
अर्श ने कहा कि हमें इस बात की बेहद ख़ुशी है कि यूनिवर्सिटी ने हमें एक ही छत नीचे कंप्यूटर ग्राफिक्स व एनिमेशन इंडस्ट्री से जुड़ी सभी अंतरराष्ट्रीय सहूलियतें मुहैया करवाई हैं।