चार माह में नशे के 173 केस दर्ज, 213 तस्कर गिरफ्तार1092 लोगों पर कार्रवाई, 2.9 किलो हेरोइन और 404 ग्राम आइस ड्रग बरामद 65 हॉटस्पॉट चिह्नित
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने 26 जून से 25 अक्तूबर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 173 एफआईआर दर्ज कीं। इस दौरान 213 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 879 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया। कुल 1092 लोगों पर कार्रवाई हुई।
प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के निर्देश पर 11 सितंबर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने इस दौरान 2.900 किलो हेरोइन, 404 ग्राम आइस ड्रग, 136.870 ग्राम कोकीन, 2.956 किलो गांजा और 6.20 ग्राम अफीम बरामद की। साथ ही 40 इंजेक्शन, दो पिस्तौल, चार कारतूस और 70,200 रुपये नकद जब्त किए।
नशे की सूचना के लिए शुरू हेल्पलाइन पर अब तक 1146 कॉल और संदेश आए। पुलिस ने 65 ड्रग हॉटस्पॉट चिह्नित किए हैं। नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली दवाओं की अवैध बिक्री पर 13 केमिस्ट दुकानों पर छापे मारकर पांच से 2417 कैप्सूल, 1175 टैबलेट और 38 कफ सिरप जब्त किए, जिनकी कीमत करीब 1.37 लाख रुपये है।
पुलिस ने 83 नशे के आदी लोगों की पहचान की, जिनमें 37 को पुनर्वास केंद्रों में भर्ती कराया गया। नशामुक्ति जागरूकता अभियान से करीब 6250 लोगों को जोड़ा गया और 774 लोगों को ‘नशा मुक्त मित्र’ बनाया गया। सरकारी जमीन पर चिह्नित 104 अतिक्रमणों में से 13 हटाए जा चुके हैं।