चंडीगढ़। पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज-11 के बीपीएड चार वर्षीय कोर्स की मेरिट लिस्ट बुधवार को जारी की गई। कोर्स की अधिकतम मेरिट जनरल यूटी पूल की 163.30 परसेंटाइल गई है। बीपीएड कोर्स के लिए पहली मेरिट लिस्ट में जिन उम्मीदवारों का चयन किया गया है, उन्हें विभाग की ओर से संदेश भेजा गया है। संदेश के 24 घंटे के अंदर उसमें दिए गए फीस लिंक के जरिए फीस जमा करवानी होगी। फीस जमा करवाने में देरी पर दाखिला रद्द हो जाएगा।
पहली मेरिट सूची में यूटी जनरल पूल में 11 लड़कों, 11 लड़कियों, आउटसाइड यूटी जनरल पूल में आठ लड़कों और सात लड़कियों का चयन किया गया है। वहीं, हर कैटेगरी में वेटिंग लिस्ट के उम्मीदवारों और उनके परसेंटाइल इत्यादि की भी जानकारी भी वेबसाइट पर जारी की गई है। उम्मीदवार को दाखिले के लिए ओरिजनल डॉक्यूमेंट जमा करवाने होंगे। अगर प्रशासन की ओर से दस्तावेजों में कोई खामी पाई जाती है तो दाखिला रद्द किया जा सकता है।
खाली सीटों की 26 को मिलेगी जानकारी
शहर के सरकारी और निजी कॉलेजों में सेंट्रलाइज्ड कोर्स में दूसरी काउंसलिंग का बुधवार को समापन हो गया है। दूसरी काउंसलिंग के बाद कॉलेजों में किस विषय में कितनी सीटें खाली रहती है। इसकी जानकारी डीएचई की वेबसाइट पर 26 अगस्त को सुबह 11 बजे तक अपलोड की जाएगी। दूसरी काउंसलिंग के लिए आउटसाइड यूटी जनरल पूल और रिजर्व कैटेगरी के दाखिले बुधवार को आयोजित किए गए थे। दाखिले के लिए फीस जमा करवाने के लिए उम्मीदवारों को सीमित ही समय दिया गया था।