हरियाणा में लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे 160 डॉक्टरों की नौकरी जाएगी। उन्हें अब बर्खास्त कर दिया जाएगा। यह वे डॉक्टर हैं जो लंबे समय से बिना किसी सूचना अथवा कारण बताए ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इनकी सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दे दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखकर ऐसे चिकित्सकों को बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा है, ताकि चिकित्सकों की नई भर्ती की जा सके।
विज ने कहा कि यह चिकित्सक लंबे समय से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहे हैं। इन्हें बार-बार नौकरी ज्वाइन या रीज्वाइन करने के लिए कहा गया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। इनमें अंबाला जिले के 4, भिवानी के 9, फरीदाबाद के 4, फतेहाबाद के 8, गुरुग्राम के 8, हिसार के 10, जींद के 7, झज्जर के 6, करनाल के 2, कुरुक्षेत्र के 8, कैथल के 15, नारनौल के 13, पलवल के 10, पंचकूला के 6, पानीपत के 7, रेवाड़ी के 4, रोहतक के 10, सिरसा के 11, सोनीपत के 10, यमुनानगर के 2 तथा नूंह के 6 चिकित्सक शामिल हैं।
इस संबंध में कानूनी राय भी ली जा रही है। विभाग में चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए सरकार को यह निर्णय लेना पड़ रहा है। डॉक्टरों की कमी के कारण स्वास्थ्य विभाग ने पहले ही 81 रिटायर्ड चिकित्सकों को दोबारा सेवा पर लिया है।