फर्जी कॉल सेंटर का संचालक कोर्ट में पेश
- कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा
- अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने की थी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। अमेरिकन टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से पंचकूला सेक्टर-2 स्थित एससीओ-6 में अवैध कॉल सेंटर चलाने के आरोपी को क्राइम ब्रांच की टीम ने दो दिन के पुलिस रिमांड के बाद जिला अदालत में पेश किया। जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर कमलजीत ने बताया कि अभिषेक से पूछताछ और कंप्यूटर, इंटरनेट के उपकरणों से काफी जानकारी मिली है। अभी इन्हें डिस्ट्रेक्ट करने के लिए डाइटैक में भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद ही मामले में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। छापेमारी के दौरान स्टाफ की जो महिलाएं वहां मौजूद थी उनसे भी पूछताछ की जा रही है।
कैसे ठगते से लोगों से पैसे
क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर ने बताया कि यह कंपनी किसी बड़ी कंपनी की वेबसाइट की कॉपी बनाकर लोगों से पैसे ऐंठते थी। उन्होंने बताया कि अमेरिकन टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड किसी कंपनी की कॉपी वेबसाइट बनाकर उसका लिंक इंटरनेट पर सेट करवा देते हैं। इतना ही नहीं कंपनी के टोल फ्री नंबर को भी राउटर की सहायता से डायवर्ट करके कॉल को इंडिया ट्रांसफर कर देते हैं और जब आप उस कंपनी के सामान की पेंमेंट करेंगे जिसका डुप्लीकेट लिंक इस कंपनी ने इंटरनेट पर सेट किया हुआ है तो वह असली कंपनी के अकाउंट की बजाए इनके अकाउंट में आते थे। उन्होंने बताया कि कंपनी पैसो का लेनदेन गेटवे की सहायता से करती है। पहले पैसे गेटवे में जाते हैं जिसके बाद कंपनी के अकाउंट में आते हैं।
आठ बैंक अकाउंट का होता था प्रयोग
पैसों की ट्रांजेक्शन के लिए कंपनी के आठ बैंक अकाउंट का इस्तेमाल किया जाता था। गौरतलब है कि पंचकूला पुलिस को 2 नवंबर 2018 को अमेरिका की एफबीआई से इंडियन एंबेसी के माध्यम से शिकायत मिली थी कि अमेरिकन सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा पंचकूला में अवैध तरीके से कॉल सेंटर चलाया जा रहा है। जिसकी सहायता से विदेश में रहने वाले लोगों को कॉल करके या ऑनलाइन धोखे से कॉल डायवर्ट करवाकर कार्य करने और आईटी की सेवाएं देने के नाम पर धोखाधड़ी करके मोटे पैसे ऐंठे जा रहे हैं। इस मामले की जांच की जिम्मेदारी पंचकूला क्राइम ब्रांच को सौंपी गई थी। जिसके बाद मामले की गठित टीम की ओर से समय-समय पर उपरोक्त कॉल सेंटर की निगरानी की गई तो पता चला कि सेक्टर-2 स्थित एससीओ-6 में अवैध तरीके से कुछ व्यक्ति कॉल सेंटर चला रहे हैं और इस कॉल सेंटर का मालिक अभिषेक निवासी कोठी सेक्टर-2 पंचकूला का है। गहन जांच के बाद सेंटर पर दबिश देने के लिए पुलिस ने एक टीम का गठन किया। क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर अमन कुमार की अगुवाई में गठित टीम ने सोमवार दोपहर सेंटर पर छापेमारी की।
अमेरिका की एक कंपनी के साथ मिलकर चल रहा था गोरखधंधा
जानकारी के अनुसार भारत से कई साल पहले गए एक व्यक्ति द्वारा अमेरिका में एक कंपनी बनाकर इस काल सेंटर की संचालक को फ्रैंचाइजी दी हुई है और उस कंपनी के कस्टमर्स के जितने फोन आते हैं उन्हें पंचकूला के कॉल सेंटर में रॉउट कर दिया जाता है और यहां के लोगों द्वारा अमेरिका के क्लाइंट्स को आईटी की सेवाएं दे जाती हैं और बदले में डालर के रूप में मोटी रकम ऐंठी जाती है। वो रकम अमेरिका की कंपनी की अकाउंट में जाती है और उस रकम से पंचकूला के काल सेंटर को मोटा कमीशन मिलता है लेकिन अब जांच का विषय यह है कि पंचकूला के काल सेंटर द्वारा अमेरिका के लोगों को कैसे मूर्ख बनाया जा रहा था और साल 2016 से शुरू हुए पंचकूला के इस कॉल सेंटर द्वारा कितनी रकम की धोखाधड़ी को अब तक अंजाम दिया गया है।