फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आरआईएमसी की परीक्षा में पंचकूला के सौम्या ने प्राप्त किया पहला रैंक

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला के सौम्य आरआईएमसी की परीक्षा में आल इंडिया टॉपर
विज्ञापन



एयरफोर्स में फील्ड मार्शल बनना चाहते हैं सौम्य राय गुप्ता
राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज की परीक्षा के लिए चुने जाते हैं 25 छात्र
सातवीं में पढ़ने या पास कर चुके छात्र कर सकते हैं आवेदन

अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (आरआईएमसी) देहरादून की परीक्षा में भवन विद्यालय पंचकूला के छात्र 12 वर्षीय सौम्य राय गुप्ता ने देश भर में पहला रैंक हासिल किया है। सौम्य राय गुप्ता सेक्टर-9 पंचकूला के निवासी है। सातवीं कक्षा के छात्र सौम्य की माता सिम्मी गुप्ता गृहिणी और पिता ललित गुप्ता बिजनेसमैन हैं।
सिम्मी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ लगभग चार साल पहले मसूरी घूमने गए थे। मसूरी जाते वक्त उनके बेटे ने रास्ते में देहरादून स्थित सैन्य अकादमी देखी और निर्णय लिया कि मैं भी वहीं स्टडी करूंगा। इसके बाद वह पूरी मेहनत से तैयारी में जुट गया। आज हम उसकी सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
विज्ञापन

सौम्य एयरफोर्स में फील्ड मार्शल बनना चाहते हैं। सौम्य ने एग्जाम के लिए 15 अप्रैल से 26 मई तक डेढ़ महीना देहरादून के एक इंस्टीट्यूट में कोचिंग ली। इसके बाद सौम्य ने एक और दो जून को पंचकूला के सेंटर में ही लिखित परीक्षा दी। लिखित परीक्षा का रिजल्ट 21 अगस्त को आया। इसके बाद सौम्य ने पर्सनल इंटरव्यू चार अक्तूबर को दिया। इंटरव्यू के लिए सौम्य ने चंडीगढ़ सेक्टर-34 स्थित एक कोचिंग इंस्टीट्यूट में क्लास ली थी। इंटरव्यू का रिजल्ट 24 नवंबर को आया, जिसमें सौम्य ने ओवरऑल रिजल्ट में देश भर में पहला रैंक हासिल किया। अब 28 दिसंबर तक सौम्य अपने मेडिकल टेस्ट करवाने के बाद 15 जनवरी को पहले बैच में अपनी क्लासेज ज्वाइन करेंगे।

आप भी अपने बच्चे को भेज सकते हैं डिफेंस में
यदि आप भी अपने बच्चे को डिफेंस में भेजना चाहते हैं तो आरआईएमसी सबसे अच्छा जरिया है। इसमें हर राज्य से एक छात्र का चयन किया जाता है। यूपी एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां से तीन छात्र चुने जाते हैं। सौम्य हरियाणा से चुने जाने वाले अकेले स्टूडेंट हैं। सौम्य राय को पढ़ाई के अलावा स्वीमिंग, क्रिकेट में भी रुचि है। सौम्य ने बताया कि उन्हें हमेशा विषय की गहराई तक जाने और जानने की इच्छा बनी रहती है।

परीक्षा के लिए जरूरी योग्यता
प्रवेश परीक्षा के लिए अभ्यर्थी की आयु 11 वर्ष छह माह से कम और 13 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही जुलाई सत्र के लिए अभ्यर्थी प्रवेश के समय किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से कक्षा सात में अध्ययनरत हो या कक्षा सात उत्तीर्ण कर चुका हो।

अंग्रेजी, गणित और सामान्य ज्ञान पर आधारित प्रश्न पूछे जाते हैं
प्रवेश परीक्षा में अंग्रेजी, गणित और सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले अभ्यर्थियों के बौद्धिक ज्ञान व व्यक्तित्व परीक्षण के लिए साक्षात्कार देना होता है। साक्षात्कार के लिए उन्हीं अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया जाता है, जो प्रवेश परीक्षा के प्रत्येक विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करते हैं।
विज्ञापन


देहरादून कॉलेज से मंगवाएं आवेदन पत्र
आवेदन पत्र, विवरण-पत्रिका व पुराने प्रश्न पत्रों का सेट स्पीड पोस्ट से मंगाने के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवार 600 रुपये, अनुसूचित जाति/जनजाति के उम्मीदवार 555 रुपये का बैंक ड्राफ्ट भेज सकते हैं। ड्राफ्ट कमांडेंट राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज देहरादून, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तेल भवन, बैंक कोड 01576 देहरादून के नाम से बनाया जाएगा। आवेदन कॉलेज का ही मान्य होता है। बाजार से मिलने वाले आवेदन पत्र या फोटोकॉपी किए गए बिना होलोग्राम (मोहर) के आवेदन पत्र मान्य नहीं माने जाते।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें