आज साढ़े तीन बजे के बाद छात्रसंघ चुनाव के परिणाम होंगे घोषित
- 23 साल बाद जिले के कालेजों में छात्रसंघ चुनाव आज
- सुबह नौ से लेकर दोपहर एक बजे तक वोटिंग होगी
- रोडवेज की हड़ताल का छात्रसंघ चुनावों पर पड़ सकता है असर
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। जिले में करीब 23 साल बाद आज छात्र संघ चुनाव होने जा रहे हैं। जिसको लेकर सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक वोटिंग होगी। पहले क्लास रिप्रेजेंटेटिव के लिए वोटिंग होगी। इसके बाद एक से दो बजे तक मतगणना होगी। दो से ढाई बजे तक लंच ब्रेक व शाम साढ़े तीन बजे के बाद क्लास रिप्रेजेंटेटिव के परिणाम घोषित होगे। चुने गए क्लास रिप्रेजेंटेटिव मिलकर तय समयसीमा के भीतर प्रेसिडेंट, वाइस प्रेसिडेंट, सेक्रेटरी और ज्वाइंट सेक्रेटरी पद के लिए सदस्यों का चुनाव करेंगे।
मंगलवार को दिनभर कॉलेज में दिखी चहल पहल
छात्रसंघ चुनाव की घोषणा के बाद से ही कालेज गुलजार हो गए। जहां कॉलेज परिसर में अलग-अलग क्लासों से सभी रिप्रेजेंटेटिव चुनाव प्रचार करते नजर आए। वहीं कैंटीन में भी पार्टियों का दौर शुरू होता दिखा। सभी प्रतिनिधि अपने-अपने अंदाज में स्टूडेंट्स को लुभाते दिखे।
रोडवेज की हड़ताल छात्रसंघ चुनाव पर भारी
बुधवार को रोडवेज की हड़ताल होने के कारण बसों की आवाजाही बंद रहेगी। बता दें अधिकतम स्टूडेंट बस से कालेज तक की आवाजाही करते हैं। लेकिन सवाल पैदा होता है कि रोडवेज की हड़ताल के कारण बसों से कालेज आने वाले स्टूडेंट कॉलेज में कैसे पहुंचेंगे व वोटिंग कैसे हो पाएगी व इसका चुनाव प्रक्रिया पर क्या प्रभाव पडे़गा।
सेक्टर-एक कालेज में 24 क्लाज रिप्रेजेंटेटिव के लिए होंगे चुनाव
सेक्टर-एक कालेज में 98 प्रतिनिधियों ने क्लास रिप्रेजेंटेटिव के लिए नामांकन भरा था जिनमें से 24 प्रतिनिधियों के लिए आज वोटिंग की जाएगी। जबकि सेक्टर-14 गर्ल्स कालेज में 60 क्लास रिप्रेजेंटेटिव चुनाव के लिए खड़े थे जिनमें छह का कोई विरोधी प्रतिनिधि न होने के कारण डायरेक्ट चुनाव कर दिया गया। बता दें सेक्टर-एक गवर्नमेंट कालेज में 2414 वोटर्स, सेक्टर-14 गर्ल्स कालेज से 1850 व कालका कालेज से 1309 वोटर्स मतदान कर छात्रसंघ नेताओं का चुनाव करेंगे।
कालेज में एंट्री होगी मुश्किल
छात्रसंघ चुनाव के कारण मंगलवार को ही सभी कालेजों के बाहर पुलिस तैनात कर दी गई। सेक्टर-14 गर्ल्स कालेज में महिला पुलिस कर्मी चुनाव प्रक्रिया के दौरान उपस्थित रहेंगी। जबकि सेक्टर-एक कालेज में पुलिस कर्मियों सहित पीसीआर गाड़ी भी मौजूद रहेगी। बिना आईकार्ड के किसी भी हालत में वाहनों व स्टूडेंट्स की एंट्री नहीं होने दी जाएगी। डीसी व एसडीएम मोबाइल व्हाट्स एप ग्रुप के माध्यम से मंगलवार को पल-पल सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी एकत्रित करते दिखे। जानकारी के मुताबिक हर कालेज में चुनाव प्रक्रिया के दौरान डीएसपी लेवल का एक अधिकारी तैनात किया जाएगा।
सीआर को दिखाया जाएगा बिना सील किया वोटिंग बॉक्स
चुनाव के दौरान हर क्लास के पोलिंग बूथ में टीचिंग व नान टीचिंग स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई हैं। छोटी क्लासों में दो और बड़ी क्लासों में चार टीचर मौजूद रहेंगे। चुनाव पुरानी मतदान प्रक्रिया के मुताबिक करवाए जाएंगे। चुनाव से पहले सभी सीआर प्रतिनिधियों को बिना सील किया हुआ खाली वोटिंग बॉक्स दिखाया जाएगा। उन्हीं के सामने बाक्स सील किया जाएगा।