पोर्न वीडियो कांड: भाजयुमो के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमित गुप्ता को मिली जमानत
- 20 सितंबर को सेक्टर-5 पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में किया था पेश
- कोर्ट ने अमित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। व्हाट्सएप ग्रुप में पोर्न वीडियो डालनेे के आरोपी भारतीय युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमित गुप्ता को पंचकूला कोर्ट से सोमवार को जमानत मिल गई। पंचकूला के मंथन व्हाट्सएप ग्रुप में पोर्न वीडियो डालने के मामले में सेक्टर-5 थाना पुलिस ने उसे 20 सितंबर को गिरफ्तार किया था। करीब 22 दिन की छापेमारी के बाद अमित पुलिस के हत्थे चढ़ा था। पुलिस ने उसे वीरवार को कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था। हालांकि अमित गुप्ता ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले अतिरिक्त सेशन कोर्ट फिर हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, लेकिन केस की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी थी। अग्रिम जमानत याचिका खारिज होते ही अमित की गिरफ्तारी तय मानी जा रही थी।
गौरतलब है कि हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की वरिष्ठ उपप्रधान रंजीता मेहता ने भाजयुमो के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमित गुप्ता पर आरोप लगाया था कि उसने 29 अगस्त की रात में पंचकूला के मंथन मीडिया व्हाट्सएप ग्रुप में करीब 60 से 65 पोर्न वीडियो डाली थी। उसकी इस हरकत से महिलाओं समेत प्रशासनिक अधिकारियों और वकीलों को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था।