वर्ल्ड जूनियर रेसलिंग चैंपियनशिप में जाएंगे 30 भारतीय खिलाड़ी
- 17 से 23 सितंबर तक स्लोवाकिया में आयोजित होगी जूनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। भारत की 10 महिलाएं और 20 पुरुष फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन पहलवान 17 से 23 सितंबर तक स्लोवाकिया में आयोजित होने वाली जूनियर वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेने जा रहे हैं। जूनियर चैंपियनशिप (अंडर-20) उन खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा मौका है, जो कुश्ती के क्षेत्र में अपना नाम कमाना चाहते हैं। वह हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में खेले गए एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले बजरंग पुनिया के नक्शे कदम पर चलने की कोशिश में हैं।
2001 के बाद नहीं आया देश में कोई स्वर्ण पदक
बता दें पिछले साल पेरिस में हुई चैंपियनशिप में भारत के खिलाड़ी फ्री स्टाइल और ग्रीकोरोमन के हर वर्ग में कांस्य पदक जीतने में सफल रहे थे। इससे पहले तीन साल तक भारत ने इस टूर्नामेंट में एक भी पदक नहीं जीता था। भारत ने इस चैंपियनशिप में आखिरी बार स्वर्ण पदक 2001 में बुल्गारिया के सोफिया में आयोेजित टूर्नामेंट में जीता था। उस टूर्नामेंट में भारत ने दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे। तब से भारत के हिस्से स्वर्ण नहीं आया है। ऐसे में दीपक पुनिया, सचिन राठी और संदीप सिंह मान के नेतृत्व में रवाना होने वाले भारतीय दल से काफी उम्मीदें हैं।
हमारा मकसद अच्छा प्रदर्शन
भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने बताया ‘‘मुझे युवा प्रतिभा पर पूरा भरोसा है कि यह स्लोवाकिया में अच्छा प्रदर्शन करके लौटेंगे। टीम के कोच और खिलाड़ियों ने काफी मेहनत की है। मैं प्रदर्शन को लेकर काफी सकारात्मक हूं। हमारा मकसद सभी भारवर्ग में अच्छा प्रदर्शन करना है।’’ हाल ही में दिल्ली में हुई जूनियर एशियन चैंपियनशिप (अंडर-20) में खेलने से भी खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है जहां भारत ने आठ पदक जीते थे जिनमें दो स्वर्ण पदक शामिल थे।
हम भारतीय टीम का हिस्सा बनकर खुश हैं। हमारी कोशिश अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की होगी। हमने अच्छी तैयारी की है और हमारी तकनीक पर अच्छा काम किया है। हमें अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। - अंशु।
एशियन जूनियर चैंपियनशिप में हमने अच्छा प्रदर्शन किया है। हम उस प्रदर्शन को यहां भी बरकरार रखना चाहते हैं। - दीपक पुनिया।